National

मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले… हवाई किराए से लेकर हाईवे तक आम आदमी को राहत, जानिए पूरी डिटेल

बिहार, तेलंगाना और मध्य प्रदेश को मिली हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, हटाए जाएंगे पुराने ट्रक और बस

न्यूज डेस्क, 3 जून 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में आम लोगों से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए हैं। सरकार ने हवाई टिकटों के बढ़ते दाम को कंट्रोल करने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का बड़ा फंड बनाया है। दरअसल पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से विमान में इस्तेमाल होने वाला ईंधन यानी (एटीएफ) बहुत महंगा हो गया है।

इसका असर एयरलाइंस के खर्च पर पड़ रहा था और माना जा रहा था कि आने वाले समय में हवाई सफर काफी महंगा हो सकता है। इसी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है ताकि टिकटों के दाम अचानक बहुत ज्यादा न बढ़ें और यात्रियों पर बोझ कम पड़े।

सरकार ने यह भी बताया कि पाकिस्तान द्वारा अपना हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के कारण भारतीय विमानों को लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है। इससे ज्यादा ईंधन खर्च हो रहा है और एयरलाइंस की लागत बढ़ रही है। अब सरकार का यह नया फंड एयरलाइंस को राहत देने का काम करेगा ताकि हवाई सेवाएं प्रभावित न हों।

कैबिनेट ने दिल्ली की खराब हवा और प्रदूषण को कम करने के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 5,041 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है जिसके तहत पुराने ट्रकों और बसों को हटाकर नए और कम धुआं छोड़ने वाले वाहन लाए जाएंगे। इस योजना में करीब 1.9 लाख पुराने ट्रकों और 16 हजार बसों को बदला जाएगा। नए वाहन खरीदने वालों को सरकार लोन पर 5 प्रतिशत ब्याज में छूट भी देगी ताकि लोगों को आर्थिक मदद मिल सके।

इसके अलावा सरकार ने कई राज्यों में नई सड़क और हाईवे परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है। बिहार में खगड़िया से पूर्णिया तक फोर लेन सड़क बनाने के लिए 3,936 करोड़ रुपये दिए गए हैं। तेलंगाना में हाईवे निर्माण के लिए 7,597 करोड़ रुपये और मध्य प्रदेश में सड़क सुधार के लिए 4,415 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं रामेश्वरम, कोणार्क और पारादीप को जोड़ने वाले बड़े तटीय हाईवे प्रोजेक्ट के लिए भी 8,301 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। मोदी सरकार का कहना है कि इन फैसलों से सफर आसान होगा, सड़कें बेहतर बनेंगी, प्रदूषण कम होगा और व्यापार व पर्यटन को भी फायदा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button