Uttar Pradesh

बलरामपुर से सीएम योगी का माफिया पर हमला, कहा… तबाह हो गए चूहे से सूअर बने तत्व

बलरामपुर में 294 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्रदेश के बदलते स्वरूप की तस्वीर बताया, कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अपने हाथों से खीर भी खिलाई

बलरामपुर, 5 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे के दौरान बलरामपुर को 294 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सड़क निर्माण, सिंचाई, पेयजल आपूर्ति, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई काम शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में उन्होंने छोटे बच्चों को गोद में लेकर अपने हाथों से खीर खिलाई।

तुलसीपुर में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास का जिक्र करते हुए माफिया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले कुछ तत्व चूहे की तरह इधर-उधर भागते थे, बाद में सूअर बनकर पूरे प्रदेश को तबाह करने लगे थे, लेकिन अब उन्हें ही तबाह कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि जनता माफिया को चुनेगी तो वह विकास का पैसा भी खा जाएगा, लोगों की संपत्तियों पर कब्जा करेगा और समाज का नुकसान करेगा।

विश्व पर्यावरण दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल है तो कल है और वन है तो जीवन है। अगर जल स्रोतों को प्रदूषित किया जाएगा तो उसका खामियाजा भी समाज को ही भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज बलरामपुर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और यहां बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और थारू संग्रहालय जैसी लंबे समय से लंबित मांगें पूरी हुई हैं। वर्ष 2007 से लंबित मथुरा घाट पुल को भी स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कें बेहतर हुई हैं, बाढ़ से बचाव के लिए बांधों की मरम्मत हो रही है और सिंचाई संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-06-05 at 6.20.07 PM

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। 2017 से पहले गरीबों का राशन बीच में ही हड़प लिया जाता था, लेकिन अब पात्र लोगों को राशन कार्ड मिल रहे हैं और मुफ्त राशन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने, सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और बहन-बेटियों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करने पर सरकार लगातार काम कर रही है। बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक विकास की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई बेटी के साथ छेड़छाड़ करेगा या व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा तो उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त और गुंडा मुक्त राज्य के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश के लोगों को दूसरे राज्यों में पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। अब प्रदेश की पहचान सुरक्षा, निवेश, युवाओं की ऊर्जा और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए हो रही है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव जनता द्वारा सही नेतृत्व चुनने का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button