Uttar Pradesh

पहले 100 पेपर लीक होते थे, अब हो रहे सिर्फ 10… देखिए ये है यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री का बयान

नीट पेपर लीक को लेकर विपक्ष मांग रहा केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, योगेंद्र उपाध्याय ने किया पलटवार, बोले- दाढ़ी वाला मर्डर करे और मूंछ वाला जेल जाए

कानपुर, 6 जून 2026ः

नीट पेपर लीक को लेकर इस समय सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि `ऐसा नहीं हो सकता कि दाढ़ी वाला मर्डर करे और मूंछ वाला जेल जाए।` मंत्री का यह बयान इस समय सुखियों में छाया हुआ है। मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में पेपर लीक मामले में 90 प्रतिशत की कमी आई है।

उच्च शिक्षा मंत्री व कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कानपुर पहुंचे थे। उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए नीट पेपर लीक मामले पर विपक्ष के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री का कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि जो इस मामले में दोषी पाए गए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही सरकार सख्त कदम उठा रही है।

मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या पहले कभी किसी मंत्री ने इस्तीफा दिया था? मंत्री तभी जिम्मेदार होगा, जब वह खुद इसमें शामिल हो। अगर कोई शामिल होगा तो वह जेल जाएगा। योगेंद्र उपाध्याय ने परीक्षा प्रणाली को लेकर दावा किया कि पहले की तुलना में पेपर लीक की घटनाएं कम हो गई हैं। उन्होंने कहा, `पहले 100 पेपर लीक होते थे, अब सिर्फ 10 हो रहे हैं।` इसका मतलब है कि हमारी सरकार में 90 फीसदी की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें दोषियों को संरक्षण देती थीं। वहीं, मौजूदा सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

READ MORE

Advertisement

ये भी पढ़ें  सीएम ने देखा रैन बसेरों का हाल...ठहरे लोगों को सौंपे कंबल व भोजन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link