Uttarakhand

बदलेगा काशीपुर : धामी ने चौराहों के कायाकल्प व सड़क निर्माण को दी 25 करोड़ की सौगात

शहर को जाम से राहत देने के लिए प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की शुरुआत हुई। काशीपुर-रामनगर मार्ग के निर्माण कार्यों के साथ स्टेडियम में आधुनिक ओपन जिम और प्राधिकरण कार्यालय के नए ढांचे का भी लोकार्पण किया गया

काशीपुर, 6 जून 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से काशीपुर के 25.19 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले पांच विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सड़क निर्माण, चौराहों के सौंदर्यीकरण, खेल सुविधाओं और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े काम शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जाम की समस्या कम करने के लिए करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की योजना पर काम शुरू किया गया है।

पहले चरण में स्टेडियम तिराहे को नया स्वरूप देने का काम शुरू होगा। ननकाना साहिब जाने वाले मार्ग पर स्थित इस तिराहे का नाम ननकाना साहिब चौक रखा जाएगा। इसके सौंदर्यीकरण पर 3.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं महाराणा प्रताप चौक के विकास के लिए 4.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर मार्ग (एनएच-309) के मरम्मत और निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये से तैयार आधुनिक ओपन जिम और उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से बने प्री-फैब्रिकेटेड ढांचे का लोकार्पण किया गया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि काशीपुर कुमाऊं का अहम औद्योगिक और कारोबारी केंद्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी जा चुकी है। तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण भी शुरू हो गया है, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि काशीपुर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की जा चुकी है। वहीं ड्रेनेज व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए मास्टर प्लान पर काम चल रहा है। पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी परियोजनाओं पर करीब 1950 करोड़ रुपये की लागत से काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

कार्यक्रम में खटीमा से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति शामिल रहे। काशीपुर से विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली समेत अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  भूकम्प से पहले अलर्ट की तैयारी तेज, पूरे उत्तराखंड में सेंसर-सायरन नेटवर्क होगा मजबूत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link