CrimeNationalPoliticsUttar Pradesh

शुभम को आखिरी विदाई देने उमड़ा सैलाब, सीएम बोले…सब देखेंगे घटना का परिणाम

कानपुर, 24 अप्रैल 2025:

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी को आखिरी विदाई देने सैलाब उमड़ पड़ा। इससे पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और शोक में डूबे परिवार से मुलाकात की। मृत शुभम के पिता व पत्नी में कहा हमें बदला चाहिए तो सीएम ने उन्हें ढांढस बंधाकर कहा कि हर आदमी घटना के परिणाम को देखेगा।

पहलगाम के आतंकी हमले में कानपुर के सीमेंट व्यापारी के बेटे शुभम की हुई थी हत्या

बता दें कि मंगलवार को कश्मीर के पहलगाम में कानपुर के हाथीपुर गांव निवासी व सीमेंट व्यापारी के बेटे शुभम द्विवेदी की आतंकी हमले में हत्या कर दी गई थी। दो महीने पहले हुई शादी के बाद वो अपनी पत्नी एशान्या और परिवार के अन्य लोगों के साथ कश्मीर गए थे। वहां आतंकियों द्वारा धर्म पूछकर की जा रही हत्याओं में शुभम भी उनका शिकार हो गया। राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बनी इस आतंकी घटना में कानपुर के युवक शुभम की मौत पर सरकार सक्रिय हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले मौत पर श्रद्धांजलि दी फिर शव को ससम्मान लाने की व्यवस्था के निर्देश दिए।

Advertisement

अमौसी एयरपोर्ट पर आधी रात पहुंचा पार्थिव शरीर , डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी श्रद्धांजलि

बुधवार को ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पहुंचकर शुभम का अंतिम संस्कार शहीदों की तरह किये जाने की बात कही। इसी क्रम में शुभम का पार्थिव शरीर कश्मीर से दिल्ली लाया गया फिर दिल्ली से विमान द्वारा लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट लाया गया। यहां अमौसी पर बीती रात डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद मौजूद रहे। उन्होंने पिता से गले लगकर शोक सांत्वना देकर शुभम के शव को श्रद्धांजलि दी। यहां से पार्थिव शरीर को विशेष वाहन द्वारा सड़क मार्ग से कानपुर ले जाया गया। कानपुर के पैतृक गांव हाथीपुर में शव लगभग रात दो बजे पहुंचाया गया। गांव में शोक भरा सन्नाटा पसरा था जो शुभम को याद कर बिलखते परिवार की सिसकियों और चीखों से टूट रहा था।

शुभम के पैतृक गांव पहुंचे सीएम, पत्नी व पिता की बात सुन भावुक हुए

हाथीपुर के पैतृक गांव में बने घर के आंगन में शुभम का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। पत्नी ऐशान्या दो दिन से अपने पति की शर्ट को सीने से लगाये थी। पिता संजय द्विवेदी शून्य में निहार रहे थे। सीएम के पहुंचते ही दोनों बिलख पड़े और आतंकियों से बदला लेने की बात कही। ऐशान्या ने रो-रो कर घटना के दिन की आपबीती बयां की। वहां मौजूद सीएम योगी आदित्यनाथ भी भावुक हो गए।

सीएम ने कहा, अंतिम सांस ले रहा आतंकवाद, आतंकियों व आकाओं को मिलेगी सजा

सीएम ने श्रद्धाजंलि देकर कहा कि हम ऐसा बदला लेंगे की हर आदमी इसका परिणाम देखेगा। हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। जिस तरीके से आतंकवादियों ने मां-बहनों के सिन्दूर के साथ बर्बरता की है। उसी प्रकार से आतंकवादियों और उनके आकाओं को सजा जरूर मिलेगी। पहलगाम की घटना बताती है कि आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांस ले रहा है। जाति और धर्म पूछकर बहन-बेटियों के सामने उनके सिंदूर को उजाड़ा जाए, भारत के अंदर यह कतई स्वीकार्य नहीं है। हम आश्वस्त करते हैं कि जिस तरीके से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में जो कृत्य आतंकवादियों ने किए हैं, हिंदू माँ-बहनों के सिंदूर के साथ जिस प्रकार की बर्बरता की गई है, उसी प्रकार से आतंकवादियों और उनके आकाओं को इसकी सजा जरूर मिलेगी। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

बंद रहे बाजार, आसपास जिलों से पहुंचे लोग

महज व्यापारी पुत्र नहीं वरन आतंकी हमले में धर्म पूछकर हुई शुभम की हत्या से सभी लोग खफा हैं। इसका गुस्सा आज कानपुर में देखने को मिला। जगह जगह बाजार बंद रहे। वहीं शुभम के अंतिम संस्कार में शामिल होने व शोक व्यक्त करने के लिए लोग रात से ही गांव पहुंचने लगे थे। यहां अंतिम यात्रा में भीड़ का सैलाब दिखाई दिया जो बता रहा था कि शुभम के परिवार के साथ हुए हादसे का दुख सभी को है।

ये भी पढ़ें  UP से साढ़े चार करोड़ वोटर गायब, बाहर से लाए जाएंगे फर्जी मतदाता! आप सांसद का चुनाव आयोग व भाजपा पर हमला

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link