Entertainment

आमिर खान का इश्क चढ़ा फिर परवान…जानिए अब कौन बनेगी उनकी अगली दुलहनिया

आमिर और गौरी 5 जुलाई को कर सकते हैं शादी, दो बार हो चुका है आमिर का तलाक, सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है ये चर्चा

एंटरटेनमेंट डेस्क, 4 जून 2026:

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। बताया जा रहा है कि आमिर जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक दोनों 5 जुलाई को एक बेहद निजी समारोह में अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी।

सिंपल तरीके से हो सकती है शादी

बताया जा रहा है कि यह शादी किसी बड़े बॉलीवुड इवेंट की तरह नहीं होगी। ना कोई भव्य रिसेप्शन और ना ही फिल्मी चमक-दमक। दोनों सिर्फ परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक साधारण साइनिंग सेरेमनी के जरिए नई जिंदगी की शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि अब तक आमिर या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरी स्प्रैट कुछ समय से लगातार चर्चा में

गौरी स्प्रैट पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं। वे बेंगलुरु की रहने वाली एक फैशन प्रोफेशनल और सैलून आंत्रप्रेन्योर हैं। उन्होंने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स से फैशन और स्टाइलिंग की पढ़ाई की है। फिलहाल वो मुंबई में मशहूर सैलून ब्रांड ‘बीब्लंट’ से जुड़ी हुई हैं। बताया जा रहा है कि वे अब आमिर खान प्रोडक्शंस के साथ भी काम कर रही हैं। गौरी स्प्रैट आमिर खान संग शादी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में हैं।

WhatsApp Image 2026-06-04 at 10.13.30 AM

लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे दोनों

आमिर और गौरी एक-दूसरे को करीब 25 सालों से जानते हैं। पहले दोनों अच्छे दोस्त थे लेकिन समय के साथ यह दोस्ती रिश्ते में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले एक साल से अधिक समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं और अब अपने रिश्ते को नया नाम देने की तैयारी कर रहे हैं। आमिर खान ने साल 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर पहली बार गौरी के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था।

अब मुकम्मल महसूस करते हैं आमिर

गौरी कई बार आमिर के साथ इवेंट्स और पारिवारिक मौकों पर नजर आ चुकी हैं। एक इंटरव्यू में आमिर ने कहा था कि गौरी के आने से उनकी जिंदगी में शांति और सुकून आया है। उन्होंने यहां तक कहा था कि अब जाकर उन्हें खुद को मुकम्मल महसूस होता है। आमिर खान की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से की थी। यह रिश्ता करीब 16 साल चला और दोनों के दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया था।

रीना दत्त के बाद किरण राव से की शादी

इसके बाद आमिर ने साल 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद है लेकिन साल 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया था। हालांकि तलाक के बाद भी आमिर और किरण के रिश्ते में दोस्ती और सम्मान बना रहा। दोनों आज भी कई प्रोजेक्ट्स पर साथ काम करते हैं और अपने बेटे की परवरिश मिलकर कर रहे हैं।

अब आमिर खान की तीसरी शादी की खबरों ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे प्यार को एक और मौका देने की मिसाल बता रहे हैं तो कुछ इसे बॉलीवुड की एक और चर्चित लव स्टोरी मान रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 5 जुलाई को आमिर और गौरी सच में अपने रिश्ते को शादी का नाम देंगे या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button