
लखनऊ/आगरा, 26 सितंबर 2026:
यूपी के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ने तीन जिंदगियां छीन लीं। आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में बाजिदपुर के पास करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर से जोरदार टक्कर के बाद कई बार पलटती चली गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोग उछलकर एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह हुआ। कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी दिल्ली से बलिया जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्पीड बनी हादसे की वजह
कार में यशवंत, जय प्रकाश, चंद्रकांत, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह सवार थे। यशवंत दिल्ली के डाबरी थाना क्षेत्र के दुर्गा पार्क का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में चल रही थी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीन लोग उछलकर सड़क से नीचे जा गिरे। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीन लोगों के शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए गए।
दो घायल अस्पताल में भर्ती
असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर इमरान अहमद के मुताबिक सूचना मिलते ही डौकी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक यशवंत और चंद्रकांत को अस्पताल भेजा गया। दोनों का इलाज जारी है। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में तेज रफ्तार को हादसे की अहम वजह बताया जा रहा है।






