
आगरा, 9 अगस्त 2026:
ताजनगरी आगरा में अब यमुना किनारे की तस्वीर बदलने जा रही है। ताजमहल की खूबसूरती के बीच यमुना के किनारों को भी आकर्षक, स्वच्छ और पर्यटकों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झलकारी बाई चौराहे से लेकर वेदांत मंदिर के पास यमुना बैंक साइड तक एक भव्य और अत्याधुनिक ग्रीन पार्क विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों शिलान्यास किया था।
3.46 करोड़ रुपये से बदलेगी यमुना किनारे की सूरत
अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित होने वाले इस पार्क पर करीब 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य अविकसित और कचरायुक्त यमुना किनारे को हरे-भरे, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से लैस क्षेत्र में बदलना है। यहां 1500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा सुंदर पाथवे बनाया जाएगा जहां शहरवासी मॉर्निंग वॉक और सैर का आनंद ले सकेंगे। 200 वर्ग मीटर में ओपन जिम भी तैयार होगा।
पार्क में फाउंटेन, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। छोटे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 वर्ग मीटर में ओपन-एयर एम्फीथिएटर बनाया जाएगा, जिसमें करीब 100 से 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। एम्फीथिएटर की सीटों को लाल बलुआ पत्थर से तैयार किया जाएगा। पर्यटकों और शहरवासियों की सुविधा के लिए 200 वाहनों की कार पार्किंग तथा 1500 मीटर क्षेत्र में मजबूत फेंसिंग भी की जाएगी।
ताजमहल के लिए खास विजुअल कॉरिडोर
परियोजना की सबसे खास विशेषताओं में ताजमहल की ओर खुला रखा गया विजुअल कॉरिडोर है। इससे यमुना किनारे बने पार्क से ताजमहल का खूबसूरत दृश्य देखा जा सकेगा। यानी यहां आने वाले पर्यटकों को हरियाली और नदी के साथ ताजमहल का आकर्षक नजारा भी मिलेगा।
फाइटोरेमेडिएशन से होगा प्रदूषण पर प्रहार
यमुना किनारे मौजूद कचरे को हटाकर औपचारिक लैंडफिल में भेजा जाएगा। प्रदूषित क्षेत्र को फाइटोरेमेडिएशन प्रजातियों से आच्छादित कर पर्यावरण सुधारने का प्रयास होगा। कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी प्रजातियों का सघन पौधरोपण किया जाएगा। पास की कृषि भूमि पर सजावटी पौधे भी उगाए जाएंगे, जिससे पार्क के रखरखाव में आर्थिक मदद मिलेगी।

अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। पार्क बनने के बाद शहरवासियों को योग, मॉर्निंग वॉक और बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित व स्वच्छ स्थान मिलेगा। इसके साथ ही यमुना का यह रिवर फ्रंट आगरा के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।






