बाराबंकी : सवा करोड़ की जमीनों पर कुर्की का बोर्ड गड़ा… लखनऊ के जालसाज की है संपत्ति
बाराबंकी, 17 अक्टूबर 2025:
बाराबंकी पुलिस ने सदर तहसील के दो गांवों में लखनऊ के जालसाज की सवा करोड़ से अधिक कीमत वाली जमीनों पर कुर्की की कार्रवाई की है। धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज होने के बाद आरोपी अभिजीत उसकी पत्नी दिव्या व उसके अन्य साथी जाहिद जमाल पर गैंगस्टर लगाया गया था।
बता दें कि थाना सफदरगंज पर गैंगस्टर एक्ट के तहत अभिजीत शर्मा निवासी विकास नगर, लखनऊ पर केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभिजीत पत्नी दिव्या श्रीवास्तव उर्फ दिव्या शर्मा और जाहिद जमाल सिद्दीकी के साथ मिलकर धोखाधड़ी, व जालसाजी के जरिए लोगों से संपत्ति हड़पने के गंभीर मामलों में लिप्त था। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सरगना ने अपराध से अर्जित धन से तहसील नवाबगंज के ग्राम लक्षबर बजहा और ग्राम सेमरी में कई भूखंड खरीदे थे।

गिरोह सरगना अभिजीत शर्मा के खिलाफ 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, संपत्ति हड़पना, और एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध शामिल हैं। धारा 14(1) उ.प्र. गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत जिलाधिकारी बाराबंकी ने संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए थे। इस आदेश के अनुपालन में आज थाना सफदरगंज और जैदपुर पुलिस ने प्रशासनिक टीम ने ग्राम लक्षबर बजहा व सेमरी में स्थित 11 भूखंडों की कुर्की की गई। कुर्क संपत्ति का कुल मूल्य ₹1,30,19,500 बताया गया है।






