Uttar Pradesh

काशी विश्वनाथ मंदिर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम…आज से नए नियम लागू

अंशुल मौर्य

वाराणसी, 10 अगस्त 2025:

यूपी के वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में आज से नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका उद्देश्य पवित्र नगरी काशी को प्लास्टिक मुक्त बनाना है। मंदिर ट्रस्ट ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मंदिर परिसर में सभी प्रकार के प्लास्टिक सामग्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब श्रद्धालुओं को अपनी पूजा की थाली में बदलाव करना होगा, क्योंकि प्लास्टिक से बनी वस्तुओं का उपयोग पूरी तरह वर्जित होगा।

ट्रस्ट के नए नियमों के तहत श्रद्धालु अब मंदिर में प्लास्टिक के रैपर, कैरी बैग, फूल, फल या प्रसाद के लिए इस्तेमाल होने वाली पॉलिथीन और प्लास्टिक के लोटे नहीं ले जा सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कागज या पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से बने विकल्पों का उपयोग करने की अपील की है। यह कदम मंदिर परिसर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए उठाया गया है।

मंदिर प्रशासन और वाराणसी नगर निगम ने प्लास्टिक मुक्त अभियान को गंभीरता से लागू करने की ठानी है। हाल ही में नगर निगम की एक चेकिंग में एक दुकान से 700 किलोग्राम से अधिक पॉलिथीन जब्त की थी। दुकानदार पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। मंदिर परिसर में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और अन्य दंड शामिल हो सकते हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने कहा, “काशी विश्वनाथ धाम न केवल आध्यात्मिकता का केंद्र है, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक भी बन सकता है। हमारा लक्ष्य काशी को प्रदूषण मुक्त बनाना और भावी पीढ़ियों के लिए इस पवित्र स्थल को संरक्षित करना है।” मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि मंदिर के आसपास पर्यावरण-अनुकूल सामग्री की उपलब्धता बढ़ाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

ये भी पढ़ें  लखनऊ-छपरा वंदे भारत: 3 घंटे लेट, टॉर्च जलाकर वाशरूम गए यात्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button