
अंबेडकरनगर, 7 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर के आलापुर स्थित गोविंद साहब धाम में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों के सामने सरकारें झुक जाती थीं, लेकिन अब कानून अपना काम कर रहा है। संभल दंगे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के एक गुंडे ने वहां दंगा कराया था, अब वही कानून के सामने नाक रगड़ रहा है। बरेली के एक दंगाई का जिक्र करते हुए बोले कि वह जेल में बंद है, माफी मांग रहा है कि अब ऐसी गलती नहीं करेगा।
दो Expressway से जुड़ा अम्बेडकरनगर
सीएम ने कहा कि बहुत शीघ्र उत्तर प्रदेश सरकार एक एकीकृत युवा नीति लाने जा रही है। युवा ही नेतृत्व करेगा और युवा ही अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, Skilling तथा Employment के क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन करेगा। विकास का मॉडल कैसा होना चाहिए, यह देखना है तो अम्बेडकरनगर आकर देखिए। एक नहीं, बल्कि दो-दो Expressway से यह जनपद जुड़ चुका है। North-South Corridor के अंतर्गत सिद्धार्थनगर के बांसी, बस्ती और प्रयागराज को जोड़ते हुए इस मार्ग को चित्रकूट से आगे दक्षिण भारत तक विस्तारित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का एक प्रमुख केंद्र अम्बेडकरनगर भी बनने जा रहा है।
विधानसभा से लेकर बजट तक विपक्ष पर निशाना
योगी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सपा ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित की। उनके मुताबिक सरकार ने रविदास महाराज, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, छत्रपति शाहू जी महाराज से जुड़े स्मारकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, कोटेदारों के इंसेंटिव, चौकीदारों के मानदेय बढ़ाने जैसी योजनाएं बजट में शामिल की थीं, लेकिन विपक्ष ने चर्चा नहीं होने दी।
रोजगार, माफिया, कानून व्यवस्था पर भी बोले
योगी ने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों में परिवारवाद हावी था। उन्होंने कहा कि सपा शासन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दंगे होते थे, माफिया सक्रिय थे, व्यापारियों से वसूली की जाती थी। अब प्रदेश माफिया मुक्त, कर्फ्यू मुक्त बन चुका है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की जगह जेल में होगी, अवैध संपत्ति जब्त कर गरीबों के हित में इस्तेमाल की जाएगी।

इंसेफ्लाइटिस, इलाज, राशन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। जन्म से मूक-बधिर बच्चों का इलाज कराया गया है। उन्होंने मंच पर ऐसे दो बच्चों को सम्मानित किया। योगी ने आरोप लगाया कि पहले इंसेफ्लाइटिस से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी, लेकिन तब जिम्मेदार लोग गंभीर नहीं थे।
अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए तंज
योगी ने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले दिन में देर से उठकर सिर्फ ट्वीट करने की राजनीति होती थी। जो खुद को नहीं संभाल सकता, वह प्रदेश को क्या संभालेगा। उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों को संरक्षण मिलता था, अब उन्हें जेल भेजा जा रहा है। उनका दावा था कि आज उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा का माहौल है।

सालार मसूद, अयोध्या का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सालार मसूद के नाम पर होने वाले आयोजनों पर रोक लगाई। बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की 56 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित कराई गई। उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, विंध्याचल समेत धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास हुआ है। विपक्ष को यही बात सबसे ज्यादा खटक रही है।
जिले को दी 706 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र दिए। स्वास्थ्य योजना से लाभान्वित दो बच्चों को प्रतीकात्मक आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा।






