National

शुभेंदु अधिकारी को CM योगी ने ओढ़ाया भगवा गमछा तो गूंजे ‘जय श्रीराम’ के नारे

कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के दिग्गज नेता रहे मौजूद, योगी बोले- ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प अब होगा सिद्ध

न्यूज डेस्क, 9 मई 2026:

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक बदलाव दर्ज हो गया। लंबे समय तक वामपंथ और तृणमूल की राजनीति के केंद्र रहे बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बन गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पूरी तरह भगवामय नजर आया, जहां ‘जय श्रीराम’ के नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने माहौल को चुनावी विजय उत्सव में बदल दिया।

समारोह में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। जैसे ही योगी मंच पर पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। योगी ने भी हाथ उठाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने योगी आदित्यनाथ को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। इस दौरान योगी ने उन्हें भगवा गमछा ओढ़ाकर जीत और नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य समारोह का सबसे चर्चित और प्रतीकात्मक क्षण बन गया।

CM Yogi Welcomes Suvendu Adhikari with Saffron Stole (1)

मंच पर पीएम मोदी ने भी सभी मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं से मुलाकात की। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। इस पर मोदी स्वयं उनके पास पहुंचे और हालचाल पूछा। शपथ ग्रहण समारोह में यूपी से बड़ी राजनीतिक मौजूदगी देखने को मिली। दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शुक्रवार रात ही कोलकाता पहुंच गए थे।

मंच पर योगी आदित्यनाथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगे बैठे नजर आए। वहीं दूसरी पंक्ति में संजय निषाद, ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य एक साथ बैठे दिखे। समारोह में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी भी शामिल रहीं।

इसके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प अवश्य सिद्ध होगा। योगी ने विश्वास जताया कि बंगाल अब सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक उत्थान के नए अमृतकाल में प्रवेश करेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button