Uttarakhand

सीएम आवास घेरने निकले शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों को पुलिस ने रोका, सड़क पर हंगामा

शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन नियुक्ति प्रक्रिया शुरू न होने से नाराज, प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हाथीबड़कला के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोका, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 12 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड में शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू न होने से आक्रोश है। इसी मांग को लेकर उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इससे गुस्साए प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की।

शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी लैंसडाउन चौक पर एकत्र हुए। यहां से रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला के निकट बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार शारीरिक व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति को बिना किसी देरी के कैबिनेट से मंजूरी दिलाकर भर्ती प्रक्रिया शुरू करे।
dehradun-police-stop-unemployed-physical-education-teachers-cm-house-protest (2)

उन्होंने मांग की कि 100 या उससे अधिक छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में शारीरिक शिक्षा को प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक अनिवार्य विषय बनाया गया है। इसके बावजूद प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार नहीं मिल रहा, जिससे उनमें निराशा है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शनकारियों में महेश नेगी, रणजीत सिंह, योगी धनपाल सिंह, मीना कार्की, पुष्पा नौटियाल, गब्बर सिंह, गिरीश मिश्रा, प्रवीण राजपूत, मेहरबान अली, आलोक शाह, सुरेश ध्यानी, अनिल राज, भुवनेश बिष्ट, सुनील नैनवाल, गोविंद सिंह, अनूप तिवारी, सत्यवीर, शर्मिला दास, मंजू रानी, विपिन कुमार पालीवाल आदि मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button