न्यूज डेस्क, 19 जुलाई 2026:
अगर रविवार सुबह से आपको Facebook इस्तेमाल करने में परेशानी हुई है तो इसकी वजह सिर्फ आपका इंटरनेट कनेक्शन नहीं है। दुनियाभर के हजारों यूजर्स ने Facebook की सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायत की है। कई लोगों के लिए ऐप और वेबसाइट ठीक से नहीं खुल रही, जबकि कुछ यूजर्स लॉगिन भी नहीं कर पा रहे हैं। इस दौरान Instagram यूजर्स ने भी ऐसी ही दिक्कतों की जानकारी दी।
अचानक बढ़ीं Down होने की शिकायतें
19 जुलाई की सुबह Facebook से जुड़ी शिकायतों में अचानक तेजी आई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने पोस्ट कर बताया कि Facebook सामान्य तरीके से काम नहीं कर रहा है। कई लोगों ने पूछा कि क्या समस्या सिर्फ उनके अकाउंट में है या फिर यह Global Outage है।
यूजर्स को इन दिक्कतों का सामना करना पड़ा
अलग-अलग यूजर्स ने अलग-अलग तरह की समस्याएं बताईं। कुछ लोग अपने Facebook अकाउंट में लॉगिन नहीं कर सके, जबकि कई यूजर्स के लिए वेबसाइट और मोबाइल ऐप लोड होने में काफी समय लगा। बड़ी संख्या में लोगों ने News Feed अपडेट न होने की शिकायत भी की। कई यूजर्स ने यह भी बताया कि उनका Facebook अकाउंट अचानक अपने-आप लॉगआउट हो गया। इसके बाद दोबारा लॉगिन करने की कोशिश भी सफल नहीं हो रही थी।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
जैसे ही Facebook की सेवाएं प्रभावित हुईं, X समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यूजर्स के पोस्ट की बाढ़ आ गई। लोग एक-दूसरे से पूछते रहे कि क्या उनके साथ भी यही समस्या आ रही है। कुछ यूजर्स ने इसे Meta के सर्वर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी बताया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
Meta की ओर से नहीं आया बयान
फिलहाल सुबह से आई इस समस्या को लेकर अभी तक Meta ने इस आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था। यह भी साफ नहीं हो पाया है कि समस्या की वजह क्या है और सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में कितना समय लगेगा। फिलहाल विशेषज्ञों की सलाह है कि अगर लॉगिन में दिक्कत आ रही है तो बार-बार पासवर्ड बदलने या लगातार लॉगिन की कोशिश करने के बजाय कुछ समय इंतजार करें। यदि यह सर्वर से जुड़ी तकनीकी समस्या है तो कंपनी की ओर से इसे ठीक किए जाने के बाद सेवाएं अपने आप सामान्य हो जाएंगी।






