Lucknow City

पहला बड़ा मंगल : बजरंग बली की भक्ति में डूबा लखनऊ मंदिरों में उमड़ी भीड़, भंडारों की धूम

आधी रात व भोर से खुले मंदिरों में दर्शन के लिए लगी भीड़, सुंदरकांड पाठ से गूंजा माहौल, चौराहों से मोहल्लों तक सेवा का सिलसिला, AI कैमरों से रखी गई निगरानी, भंडारों में प्रसाद बांटने पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक

लखनऊ, 5 मई 2026:

ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ पूरी तरह भक्ति और सेवा के रंग में नजर आई। सुबह तड़के से ही शहर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर जयकारों की गूंज रही और देर रात तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।

हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, अलीगंज के पुराने और नए हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, अमीनाबाद, चौक, तालकटोरा और बीरबल साहनी मार्ग के पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कई जगह मंदिरों के कपाट आधी रात में ही खोल दिए गए थे, जिसके बाद से श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा।

WhatsApp Image 2026-05-05 at 3.28.14 PM

ये भी पढ़ें:

अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में गुड़-धनिया प्रसाद बांटने की पुरानी परंपरा इस बार भी निभाई गई। वहीं पुराने हनुमान मंदिर में लेटकर परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें पहले दर्शन मिल सकें। हनुमान सेतु मंदिर में सुबह होते-होते भीड़ अपने चरम पर पहुंच गई थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग कतारें लगाई गईं।

शहरभर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन हुआ। मुख्य सड़कों, चौराहों से लेकर मोहल्लों तक लोगों ने काउंटर लगाकर पूड़ी-सब्जी, कढ़ी-चावल, बूंदी, हलवा और ठंडा शरबत वितरित किया। आलमबाग के मौनी बाबा मंदिर में सुंदरकांड पाठ के साथ भंडारा हुआ, जबकि त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर और तालकटोरा रोड स्थित बालाजी मंदिर में विशेष प्रसाद वितरण और आकर्षक श्रृंगार देखने को मिला।

WhatsApp Image 2026-05-05 at 3.28.15 PM

इस मौके पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और यूपी प्रेस क्लब व साहू फाउंडेशन के भंडारों में प्रसाद वितरित किया। राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने भी हनुमान सेतु समेत कई मंदिरों में दर्शन किए। उनके आवास पर भी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बृजेश पाठक, नीरज सिंह समेत कई लोग शामिल हुए। सुरक्षा को देखते हुए कई स्थानों पर AI आधारित कैमरों से निगरानी की गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ को संभालने में जुटी रहीं।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  युध्द के बीच यूक्रेन की नई PM बनी यूलिया स्विरिडेंको, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने किया नामित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link