प्रेमिका कर रही थी ब्लैकमेल, 25 लाख के लिए भांजे को किया अगवा… फिर क्या हुआ

मयंक चावला
आगरा, 28 दिसंबर 2024:
मुंबई की एक कंपनी में काम करने वाले शाहबाज खान उर्फ सोनू का ऑफिस में काम करने वाली एक लड़की से प्रेम संबंध था। प्रेमिका ने उसके साथ अश्लील वीडियो बना लिया और उसे ब्लैकमेल कर रही थी। वह शाहबाज से 25 लाख रुपयों की डिमांड कर रही थी। इसके लिए शाहबाज ने रिश्ते के आठ वर्षीय भांजे को अगवा कर उसके परिजनों से 30 लाख की फिरौती वसूलने की योजना बनाई लेकिन वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका और सलाखों के पीछे पहुंच गया।
आगरा में यूपी एसटीएफ ने दबोचा
आरोपी शाहबाज खान को यूपी एसटीएफ की आगरा यूनिट ने जगदीशपुरा क्षेत्र से पकड़ लिया। उसके बारे में एसटीएफ को गुजरात पुलिस ने सूचना दी थी। आगरा के एसटीएफ प्रभारी जितेंद्र शर्मा के मुताबिक गुजरात के बालसाड़ जिले से शाहबाज खान उर्फ सोनू ने फिरौती वसूलने के लिए पिछले दिनों अपने एक रिश्तेदार के आठ वर्षीय बेटे को अपने दोस्त के साथ मिलकर अगवा किया था। वह रिश्ते में शाहबाज का भांजा है। बच्चे के विरोध करने पर उसका गला दबाने की कोशिश की जिससे वह बेहोश हो गया। बच्चे को मृत समझकर उसे झाड़ियां में फेंक दिया। उस किसी ने अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद वह घरवालों के पास पहुंचा।
गुजरात में पकड़ा जा चुका एक अन्य आरोपी
बच्चे से पूछताछ में पुलिस को पूरी घटना की जानकारी हुई। गुजरात पुलिस ने शाहबाज के एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। शाहबाज भाग निकला। आगरा में शाहबाज के छिपे होने की सूचना पर गुजरात पुलिस ने यूपी एसटीएफ से मदद मांगी। एसटीएफ ने उस गिरफ्तार कर गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया।






