Uttar Pradesh

IIT की डिग्री, माडर्न साधु जैसा भेष… काले कारनामे सुन चौंकी पुलिस, मोबाइल में मिला कच्चा चिट्ठा

दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाकर पुलिस के पास पहुंची युवती, ऑनलाइन प्रवचन के जरिए युवतियों से संपर्क बनाता था आरोपी, मोबाइल से कई युवक-युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें मिलीं

मथुरा, 2 जून 2026:

मथुरा पुलिस ने खुद को साधु बताने वाले IIT पास इंजीनियर अभिषेक मिश्रा उर्फ नारायण दास को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन प्रवचन के जरिए युवतियों से संपर्क बनाता था और उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। उसके मोबाइल फोन से कई युवक-युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की रहने वाली बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने 25 मई को SSP से शिकायत की थी। युवती का आरोप है कि 15 मई को वह अपनी बहन के साथ जन्मदिन मनाने के लिए आरोपी के घर गई थी। वहां उसे प्रसाद बताकर दूध दिया गया, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपने साथ गलत काम होने का एहसास हुआ। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने वीडियो कॉल कर पांच लाख रुपये की मांग की। रकम न देने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

WhatsApp Image 2026-06-02 at 11.11.40 AM

शिकायत के आधार पर गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के बाद एक जून को राधाकुंड क्षेत्र स्थित आरोपी के मकान से उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान वहां से दो युवतियां और एक युवक भी मिले। जिन्हें बाद में उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है। उसने आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की थी। नौकरी छोड़ने के बाद वह मथुरा आकर रहने लगा और खुद को धार्मिक प्रवचनकर्ता के रूप में पेश करने लगा।

पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन की पड़ताल में कई युवक-युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं अन्य लोग भी उसके जाल का शिकार तो नहीं हुए। आरोपी सफेद कुर्ता पहनकर, माथे पर चंदन लगाकर और गले में माला धारण कर साधु जैसी छवि बनाता था। ऑनलाइन प्रवचन के माध्यम से युवतियों का भरोसा जीतता, फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेकर शोषण करता था।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button