National

बीते 11 सालों में तेजी से बढ़ा भारत, पीएम मोदी बोले – 140 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और सहयोग से बदल रहा देश

नई दिल्ली, 9 जून 2025

2014 से देश की सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार के इस महीने 11 साल पूरे हो रहे है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि देश इन बीते 11 सालों में तेजी से विकास की ओर बढ़ा है। देश की तेजी से बढ़ी अर्थव्यवस्था, सुशासन, और दुनिया में भारत की बढ़ती साख जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे आज विश्व में भारत की पहचान बन गए हैं।

सोमवार को अपनी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सुशासन और परिवर्तन पर स्पष्ट ध्यान दिया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्रीय मंत्रियों में से 60 प्रतिशत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणियों से हैं। यह संदेश उनकी सरकार की सामाजिक न्याय संबंधी साख को चमकाने के उद्देश्य से दिया गया है, जबकि कांग्रेस जैसे विपक्षी दल इसे उनके हितों के खिलाफ काम करने वाला बता रहे हैं।

इसमें कहा गया है कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में इन हाशिए पर पड़े समूहों का यह अब तक का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है। एक्स पर अपने पोस्ट में मोदी ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और सामूहिक भागीदारी से भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के सिद्धांत से प्रेरित होकर एनडीए सरकार ने गति, पैमाने और संवेदनशीलता के साथ ऐतिहासिक बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास से लेकर सामाजिक उत्थान तक, जन-केंद्रित, समावेशी और सर्वांगीण प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

ये भी पढ़ें:


प्रधानमंत्री ने कहा, “हमें अपनी सामूहिक सफलता पर गर्व है, लेकिन साथ ही हम आशा, विश्वास और विकसित भारत के निर्माण के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं।” उन्होंने पोस्ट के साथ “11 साल की सेवा” हैशटैग का इस्तेमाल किया और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए बदलावों के विवरण के लिंक साझा किए।

इसमें कहा गया है कि मोदी ने विकास की राजनीति, ‘विकासवाद’ को मुख्यधारा में ला दिया है और इसे केंद्र बिंदु बना दिया है जिसके इर्द-गिर्द अब राजनीतिक विमर्श और नीतिगत कार्रवाई घूमती है। इसमें कहा गया है कि 2014 में पदभार ग्रहण करने के बाद से ‘इंडिया फर्स्ट’ ने उनकी प्रत्येक नीति और कार्रवाई को निर्देशित किया है। इसमें कहा गया कि 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त खाद्यान्न मिल रहा है, 15 करोड़ से अधिक परिवारों को नल के पानी के कनेक्शन मिले हैं, गरीबों के लिए चार करोड़ से अधिक घर बनाए गए हैं, 12 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं, 68 लाख स्ट्रीट वेंडरों को ऋण मिले हैं, छोटे उद्यमियों को 52.5 करोड़ ऋण दिए गए हैं और 20 करोड़ महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत कोविड के दौरान नकद सहायता दी गई।

 

ये भी पढ़ें  हरिद्वार में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवती को महिलाओं ने सरेराह पीटा, तमाशबीन बने लोग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link