लखनऊ : मंच से उतरने के दौरान गिरीं महापौर सुषमा खर्कवाल, पैर में फ्रैक्चर

लखनऊ, 19 अप्रैल 2025:
लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान मंच से उतरते समय फिसलकर गिर गईं। इस हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और प्लास्टर चढ़ाने के साथ उन्हें कम से कम 10 दिन तक आराम करने की सलाह दी है।
कार्यक्रम में पहुंचे थे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
यह हादसा लखनऊ के मुन्नू खेड़ा स्थित एक लॉन में हुआ जहां प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसके मुख्य अतिथि रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ महापौर मंच से नीचे उतर रही थीं। इस दौरान मैट से उनका पैर उलझ गया, जिससे वे संतुलन खो बैठीं और गिर पड़ीं।
डॉक्टर ने चढ़ाया प्लास्टर, आराम की सलाह
हालांकि, वे स्वयं चलकर कार्यक्रम स्थल से बाहर आईं, लेकिन पैर में तकलीफ के चलते हल्का लड़खड़ा रही थीं। इसके बाद वे बलरामपुर हॉस्पिटल गईं, जहां जांच के बाद चोट की गंभीरता का पता चला और डॉक्टर ने उनके पैर में प्लास्टर चढ़ाया।







