Lucknow CityNational

UAE जाने वालों को राहत : लखनऊ से रास अल-खैमाह के लिए शुरू हुई सीधी फ्लाइट… जाने शेड्यूल व किराया

हफ्ते में तीन दिन है फ्लाइट, नॉर्मल (इकोनॉमी) क्लास का औसत किराया 25 हजार और बिजनेस क्लास का लगभग 75 हजार रुपये निर्धारित

लखनऊ, 9 दिसंबर 2025:

उत्तर भारत से खाड़ी देशों का सफर करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण और बेहद सुकून देने वाली खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूपी की राजधानी लखनऊ से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल-खैमाह के लिए विमान सेवा को फिर शुरू कर दिया है। कुछ समय से बंद फ्लाइट को बढ़ती मांग और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोबारा शुरू किया गया है। फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।

समय सारणी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रात 9:10 बजे उड़ान भरेगी तथा स्थानीय समयानुसार रात 12:30 बजे रास अल-खैमाह एयरपोर्ट पहुंचेगी। यह उड़ान सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी। वापसी की फ्लाइट रास अल-खैमाह से रात 1:30 बजे रवाना होकर सुबह 6:45 बजे लखनऊ लैंड करेगी। वापसी उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।

किराए की बात करें तो नॉर्मल (इकोनॉमी) क्लास का औसत किराया लगभग 25 हजार रुपये और बिजनेस क्लास का लगभग 75 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस रूट की पुनर्बहाली से उन हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी जो रोजगार, व्यापार या वजहों से खाड़ी देशों की यात्रा करते हैं। अब तक अधिकांश लोगों को दुबई या शारजाह के रास्ते आगे का सफर तय करना पड़ता था जिससे न केवल समय अधिक लगता था, बल्कि कुल यात्रा लागत भी बढ़ जाती थी। सीधे रास अल-खैमाह पहुंचने का विकल्प मिलने से यात्रा अब अधिक सहज और किफायती बन गई है।

ये भी पढ़ें:

रास अल-खैमाह यूएई का तेजी से विकसित होता औद्योगिक, व्यावसायिक और पर्यटन केंद्र है। यह शहर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, जबल जायस पर्वत श्रृंखला और दुनिया की सबसे लंबी जिपलाइन जैसे रोमांचक आकर्षणों के लिए प्रसिद्ध है। रणनीतिक दृष्टि से भी यह स्थान बेहद महत्वपूर्ण है। यह दुबई से मात्र 92 किलोमीटर और शारजाह से 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

लखनऊ से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान उत्तर भारत के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोल सकती है। इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि प्रदेश के पर्यटन उद्योग, व्यवसाय और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को भी मजबूत प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के इस निर्णय को क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें  मुकुट की तरह चमकेगा मेरठ... 800 करोड़ के ज्वेलरी पार्क से मिलेगी वैश्विक पहचान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link