Uttarakhand

मियांवाला में ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’, धामी की जल सृष्टि पार्क की सौगात, बोले- अपना समझ रखें ध्यान

सीएम ने 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पार्क का किया लोकार्पण, कहा- विकास का वास्तविक अर्थ लोगों का जीवन आसान हो, शहर सुंदर बने व पर्यावरण रहे सुरक्षित, तालाब के बीच आइलैंड व पेडल बोटिंग खास आकर्षण का केंद्र

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 19 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मियांवाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण किया। इस पार्क को पुराने तालाब का पुनर्जीवन कर तैयार किया गया है। अब यह नए रूप में शहरवासियों को आकर्षित करेगा। तालाब के बीच आइलैंड व पेडल बोटिंग खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सीएम ने कहा कि यहां आने वाले लोगों को रायपुर क्षेत्र में ही ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ का अनुभव होगा। उन्होंने पार्क के निर्माण में पुराने तालाब को संरक्षित कर उसका पुनर्जीवन किए जाने को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया।

मनोरंजन, स्वास्थ्य व प्रकृति से जुड़ने की सुविधाएं भी

धामी ने कहा कि जल और जंगल भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। जलस्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने का कार्य नहीं, बल्कि अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं है। वास्तविक विकास वह है, जिससे लोगों का जीवन आसान हो, शहर सुंदर बने और पर्यावरण सुरक्षित रहे। जल सृष्टि पार्क इसी सोच का उदाहरण है। यहां जलस्रोत के संरक्षण के साथ मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति से जुड़ने की सुविधाएं विकसित की गई हैं।

ये भी पढ़ें:

pushkar-singh-dhami-inaugurates-jal-srishti-park-miyanwala-dehradun (2)

रायपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की बढ़ रही गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाने, पुरानी पाइपलाइन बदलने और नई पेयजल लाइनें बिछाने का काम चल रहा है। बरसात में बाढ़ और जलभराव की समस्या से राहत के लिए नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा एवं चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं। देहरादून की बढ़ती आबादी और पानी की जरूरत को देखते हुए सौंग डैम परियोजना का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सीएम ने कहा कि सरकार पार्क बना सकती है और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन लंबे समय तक इसकी सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है।

बच्चे व युवा पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करें

उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने व जलाशय-हरित क्षेत्र की देखभाल में सहयोग देने की अपील की। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए गए इस पार्क को हर आयु वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पार्क में सुबह-शाम घूमने और दौड़ने के लिए जॉगिंग ट्रैक, योग के लिए योगा डेक, बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क और फूलों व वनस्पतियों की जानकारी देने वाला एजुकेशनल फ्लावर गार्डन विकसित किया गया है। आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की सुविधाएं भी लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराती हैं। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

pushkar-singh-dhami-inaugurates-jal-srishti-park-miyanwala-dehradun (3)

बच्चों और बुजुर्गों ने धामी के साथ ली सेल्फी

मियांवाला में जल सृष्टि पार्क के लोकार्पण से लौटते समय सीएम धामी ने अचानक अपना काफिला रुकवा दिया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों का उत्साह देखकर वह स्वयं उनके बीच पहुंचे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी और फोटो लेने का आग्रह किया, जिसे धामी ने सहजता से स्वीकार करते हुए सभी के साथ सेल्फी ली। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और लोगों से संवाद भी किया।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड: छह साल से पार्टी निष्क्रिय... एक चुनाव नहीं लड़ा, एड्रेस भी फर्जी, आयोग ने थमाई नोटिस

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link