Uttar Pradesh

गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन… ‘संध्या संवाद’ से सुलझ रहीं मुश्किलें, योजनाओं को मिली नई रफ्तार

श्रावस्ती से शुरू हुई देवीपाटन मंडल की पहल, कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल ने चौपाल लगाकर सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर दिलाया गया सरकारी योजनाओं का लाभ

लखनऊ, 9 मई 2026:

सरकार की योजनाओं को गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए देवीपाटन मंडल में ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती से की गई। इस पहल के तहत प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों से रूबरू होगा, उनकी शिकायतें सुनेगा और मौके पर ही समाधान की कोशिश करेगा।

इस खास कार्यक्रम का आगाज श्रावस्ती की टेण्डवा महन्थ ग्राम पंचायत से हुआ, जहां मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने ग्रामीणों के साथ खुली चौपाल में बातचीत की। इस दौरान विशेष शिविर लगाया गया, जिसमें अलग-अलग विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

ग्रामीणों ने राशन, पेंशन, आवास, राजस्व और अन्य समस्याएं सामने रखीं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए गए। दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि संध्या संवाद का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक असरदार तरीके से पहुंचें। उनका कहना था कि जब अधिकारी गांवों में जाकर सीधे लोगों से बात करेंगे तो योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकार के प्रति भरोसा भी मजबूत होगा।

श्रावस्ती दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई भी की। उन्होंने जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई कराई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

संभावित बाढ़ को देखते हुए मंडलायुक्त ने जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों, संवेदनशील इलाकों की निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता और विभागों के बीच तालमेल की जानकारी ली। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए सभी इंतजाम पहले से दुरुस्त रखें।

मंडलायुक्त ने कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याएं भी सुनीं। कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ, पेंशन और अन्य देयों के लंबित भुगतान की शिकायत की। इस पर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिले में चल रही निर्माण और पर्यटन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए बने आवासों की स्थिति देखी और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही स्ट्रीट ब्यूटीफिकेशन, बुद्ध वनम पार्क, डोरमेट्री, गेट पिलर, पार्किंग और इंटरप्रिटेशन सेंटर जैसी परियोजनाओं की प्रगति जांची।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button