राजकिशोर तिवारी
चंपावत, 31 मई 2026
चंपावत जिले के ऐतिहासिक रीठा साहिब गुरुद्वारा में चल रहे जोड़ मेले के दौरान रविवार को बड़ा हादसा बच गया। लदिया और रतिया नदियों के संगम क्षेत्र में स्नान करने पहुंचे करीब 50 से 60 श्रद्धालु अचानक बढ़े जलस्तर के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने मोर्चा संभाला और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बता दें कि इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम क्षेत्र स्थित कुंड में स्नान कर गुरुद्वारा के दर्शन के लिए आ-जा रहे थे। इसी बीच इलाके में हुई बारिश के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते कई श्रद्धालु नदी के बीच फंस गए। नदी किनारे खड़े कुछ वाहन भी पानी से घिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मेले में पहले से तैनात एसडीआरएफ की टीम ने तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित नदी पार कराया गया। साथ ही पानी में फंसे वाहनों को भी बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर नदी के दोनों ओर बैरियर लगाकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई। अन्य श्रद्धालुओं को नदी क्षेत्र की तरफ जाने से रोक दिया गया।
एसडीआरएफ उत्तराखंड के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि मेले में पहले से की गई तैनाती का मकसद ऐसी आपात परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करना था। बारिश को देखते हुए प्रदेश की सभी एसडीआरएफ इकाइयों को सतर्क रहने, संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।






