Entertainment

क्या फिर सुनाई देगी ‘ताल’ की धुन? सुभाष घई ने सीक्वल को लेकर दिया बड़ा हिंट, जानिए पूरी डिटेल

'ताल 2' बनाने पर हो रहा विचार, हॉलीवुड फिल्म समीक्षक रोजर एबर्ट ने ताल फिल्म की खूब तारीफ की थी, नई स्टारकास्ट के साथ आ सकती है मूवी

एंटरटेनमेंट डेस्क, 8 जून 2026:

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक सुभाष घई अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म ताल के सीक्वल को लेकर चर्चा में हैं। 1999 में रिलीज हुई इस सुपरहिट रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब सुभाष घई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर संकेत दिया है कि वह ‘ताल 2’ बनाने पर विचार कर रहे हैं।

सुभाष घई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘ताल’ का पोस्टर हाथ में पकड़े हुए एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने प्रशंसकों से सवाल किया कि क्या वे नई पीढ़ी के कलाकारों और किसी युवा निर्देशक के साथ ‘ताल 2’ देखना चाहेंगे? उनके इस सवाल ने सोशल मीडिया पर फिल्म प्रेमियों के बीच नई बहस छेड़ दी है।

पोस्ट में सुभाष घई ने फिल्म को मिली एक खास उपलब्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्हें ‘ताल’ के लिए सबसे बड़ी प्रशंसा प्रसिद्ध हॉलीवुड फिल्म समीक्षक रोजर एबर्ट से मिली थी। साल 2005 में शिकागो में आयोजित एबर्टफेस्ट इवेंट के दौरान फिल्म की स्क्रीनिंग हुई थी जहां रोजर एबर्ट ने इसकी जमकर सराहना की थी।

एबर्ट ने ताल फिल्म को शुद्ध मनोरंजन और मासूमियत से भरपूर फिल्म बताया था। उन्होंने कहा था कि फिल्म में पुराने हॉलीवुड के म्यूजिक जैसा आकर्षण और जादू मौजूद है जो आधुनिक अमेरिकी फिल्मों में कम देखने को मिलता है। फिल्म के संगीत, नृत्य और कलाकारों के अभिनय ने उन्हें खासा प्रभावित किया था।

साल 1999 में रिलीज हुई ‘ताल’ में ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। वहीं अमरीश पुरी और आलोक नाथ सहायक भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया था जिसके गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं।

हालांकि ‘ताल 2’ को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन सुभाष घई के इस संकेत ने फिल्म के प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगर ताल 2 बनती है तो उसमें नई स्टारकास्ट नजर आएगी या फिर दर्शकों को पुरानी यादों से जुड़ी पहले वाली स्टारकास्ट एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button