Lucknow City

लखनऊ में सस्ते घर का सपना होगा साकार… LDA बनाएगा 5 हजार किफायती फ्लैट

10 से 30 लाख रुपये तक होगी कीमत, कुछ माह में खुलेगा पंजीकरण, शहर में तीन नई आधुनिक पार्किंग भी बनेंगी

लखनऊ, 2 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शहर में करीब पांच हजार किफायती फ्लैट बनाने की तैयारी कर रहा है। इन फ्लैटों की कीमत 10 लाख से 30 लाख रुपये के बीच रखी जाएगी जिससे आम लोगों को सस्ती दरों पर आवास उपलब्ध कराया जा सके।

एलडीए की ओर से इन आवासीय परियोजनाओं के लिए पांच प्रमुख स्थानों का चयन कर लिया गया है। इनमें सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास, शारदा नगर विस्तार, बसंतकुंज, अनंतनगर योजना और ऐशबाग योजना शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार इन सभी योजनाओं को मध्यम आय वर्ग (एलआईजी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा।

प्रस्तावित फ्लैटों का क्षेत्रफल लगभग 38 वर्गमीटर से 50 वर्गमीटर तक होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन आवासीय परिसरों में निवासियों की सुविधा के लिए पैसेंजर लिफ्ट और सर्विस लिफ्ट की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही वाहनों के लिए बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग का प्रावधान होगा। बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए परिसर में पार्क और ग्रीन एरिया भी विकसित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:

एलडीए अधिकारियों का कहना है कि परियोजनाओं की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और दीपावली तक या उससे पहले ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। ऐसे में सस्ते घर की तलाश कर रहे लोगों को जल्द ही आवेदन का मौका मिल सकता है।

Advertisement

वहीं, शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग समस्या को देखते हुए एलडीए ने तीन नई आधुनिक पार्किंग परियोजनाओं की भी योजना बनाई है। इसके तहत गोमती नगर में अंबेडकर पार्क के सामने मैकेनिकल पार्किंग, पत्रकारपुरम में तीन मंजिला भूमिगत पार्किंग तथा विरामखंड गोमती नगर में भूमिगत पार्किंग विकसित की जाएगी।

इन पार्किंग परियोजनाओं में एक हजार से अधिक वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। एलडीए इन सुविधाओं के विकास पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगा। माना जा रहा है कि आवास और पार्किंग से जुड़ी ये परियोजनाएं लखनऊ के शहरी विकास को नई गति देने के साथ आम लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेंगी।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  '15 अगस्त Mango' : मलिहाबाद में खास वैरायटी तैयार, जानें आजादी के माह से इसके नाम का रिश्ता

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link