‘अरण्य समागम’ में गूंजेगा हरित विकास का संकल्प, CM योगी आज करेंगे राष्ट्रीय वानिकी संवाद का उद्घाटन
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वानिकी संवाद में वन और अर्थव्यवस्था के संतुलन पर मंथन, 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य के साथ हरित भविष्य की ओर बढ़ा प्रदेश
लखनऊ, 21 मार्च 2026:
अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘अरण्य समागम’ के तहत आज ‘वन एवं अर्थव्यवस्थाएं’ विषयक राष्ट्रीय वानिकी संवाद का शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस आयोजन में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन से जुड़े अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। इसमें देशभर से आए विशेषज्ञ और विशिष्ट व्यक्ति हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम का फोकस वन और अर्थव्यवस्था के परस्पर संबंधों को समझना और सतत विकास की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना है। इस मंच पर प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदेश सरकार के ‘स्वच्छ-समृद्ध-हरित प्रदेश’ संकल्प के तहत बीते 9 वर्षों में 242 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है। इससे राज्य का वनावरण बढ़कर 9.96 प्रतिशत तक पहुंच गया है। निजी भूमि पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री कृषक वृक्ष धन योजना’ संचालित की जा रही है, वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
उत्तर प्रदेश किसानों को कार्बन क्रेडिट की धनराशि वितरित करने वाला देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। इसी कड़ी में वर्षाकाल 2026 के लिए 35 करोड़ पौधरोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
‘एक और कदम हरियाली की ओर’ संदेश के साथ आयोजित यह समागम जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ नीति और व्यवहार के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रभावी मंच बनेगा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्य मंत्री केपी मलिक सहित कई विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।






