Uttar Pradesh

UP का इलेक्ट्रॉनिक्स पावरहाउस बना यीडा, 15 हजार करोड़ के निवेश से बदल रही औद्योगिक तस्वीर

206 एकड़ में बन रहा विश्वस्तरीय इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सोलर, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की बड़ी कंपनियों के निवेश से हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

नोएडा/लखनऊ, 28 जून 2026:

देश के सबसे बड़े औद्योगिक और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में यूपी तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में क्लस्टर आधारित औद्योगिक विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, ओडीओपी पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रदेश को नई औद्योगिक ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं। इन परियोजनाओं से हजारों करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

यूपी को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 24 जून 2025 को यीडा के सेक्टर-10 में 206.40 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी पार्क) को मंजूरी दी थी। यीडा ने 28 मार्च 2024 को एसटीपीआई लिमिटेड के माध्यम से इसका प्रस्ताव भेजा था। स्वीकृति के बाद 3 जुलाई 2025 को दोनों संस्थाओं के बीच एमओयू हुआ। अब 31 दिसंबर 2027 तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। ईपीसी मोड पर जारी टेंडर के बाद मैसर्स जेएसपी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को निर्माण कार्य सौंपा गया है। सितंबर 2027 तक आधारभूत ढांचा तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 417 करोड़ रुपये की लागत वाले इस ईएमसी पार्क में केंद्र सरकार 144.48 करोड़ और यमुना प्राधिकरण 272.52 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। यह परियोजना उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।

यीडा क्षेत्र में सोलर उद्योग का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। सेक्टर-8 में सात्विक सोलर प्राइवेट लिमिटेड को 200 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इसमें 8,253 करोड़ रुपये के निवेश से सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है। गत वर्ष 14 नवंबर को भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इस परियोजना से लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इसी तरह सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी बड़ा निवेश आया है। सेक्टर-10 स्थित ईएमसी पार्क में एसेंड सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड 3,250 करोड़ रुपये के निवेश से फ्लेक्सिबल पीसीबी, एचडीआई पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण करेगी। गत 16 जनवरी को भूमि आवंटन और 28 अप्रैल को लीज डीड पूरी होने के बाद परियोजना पर काम शुरू हो चुका है। इससे लगभग 1,500 रोजगार सृजित होंगे।

सेक्टर-8 में अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड 100 एकड़ क्षेत्र में 3,532 करोड़ रुपये के निवेश से कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स असेम्बली, कंप्यूटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का निर्माण करेगी। इस परियोजना से करीब 2,000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। यूपी सरकार की निवेशक-हितैषी नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक अवसंरचना और त्वरित स्वीकृति प्रणाली के चलते देश-विदेश की बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और सोलर जैसे हाईटेक क्षेत्रों में हो रहा निवेश प्रदेश को भारत का अग्रणी विनिर्माण केंद्र बनाने के साथ एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button