Up News: SIR पर सियासी घमासान के बीच योगी का स्पष्ट संदेश, बोले- ‘शुद्ध वोटर लिस्ट’ लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी
मृतक, डुप्लीकेट और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के सत्यापन पर सीएम ने दिया जोर, 18 साल पूरे करने वाले युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील

लखनऊ, 5 अक्टूबर 2026:
वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देश में जारी सियासी घमासान के बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरी कवायद को लेकर बयान दिया है। सीएम योगी ने SIR को भारत की लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए मतदाता सूची की शुचिता और पारदर्शिता पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण इसी लोकतांत्रिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
योगी ने मतदाता सूची में दर्ज मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों के नियमानुसार सत्यापन को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें नियमों के अनुसार हटाना भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है।
SIR को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योगी ने अपने संदेश में जहां मतदाता सूची को लेकर स्पष्ट नजरिया सामने रखा, वहीं नए मतदाताओं को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया।
भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अपने लोकतांत्रिक विरासत को और सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन आवश्यक है।
सभी जागरूक मतदाता ध्यान रखें कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाना भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है।
मेरी अपील है कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे प्रत्येक युवा साथी अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।
आइए, शुद्ध, सशक्त और पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 5, 2026
मुख्यमंत्री ने 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक शुद्ध, सशक्त और पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें।






