
वाराणसी, 3 अक्टूबर 2026:
यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अजय राय मीडिया से रूबरू होकर खुलकर बोले। कहा कि उनसे इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया था और न ही पार्टी ने उन पर किसी तरह का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्देशों का पालन करते हैं और आगे भी पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। अपने आगे के राजनीतिक रोल को लेकर अजय राय ने कहा, ‘मैं अपने नेता राहुल गांधी का हनुमान हूं, जहां कहेंगे लंका दहन कर दूंगा।’
राहुल गांधी से मुलाकात में यूपी को मजबूत करने पर चर्चा, मैंने अपना धर्म और जिम्मेदारी पूरी की
अजय राय ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की है। इस दौरान यूपी कांग्रेस को मजबूत करने, किन मुद्दों पर काम करने की जरूरत है और किन लोगों को सशक्त किया जाना चाहिए, इस पर खुलकर चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से मेहनत करनी चाहिए। अजय राय ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अपना कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी पूरी की है। आगे भी वह ईमानदारी और पूरे जोश के साथ पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह काशी के निवासी और बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं और महादेव के आशीर्वाद से आगे बढ़ेंगे।
बोले- पद आते-जाते रहते हैं
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि इसे किनारे किए जाने के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह राजनीति है, पद आते-जाते रहते हैं। आज जो पद है, वह कल नहीं भी हो सकता है।’ अजय राय ने बताया कि वह पिंडरा से पांच बार विधायक रहे हैं और उन्होंने पार्टी के लिए अथक मेहनत की है।
वाराणसी में मोदी के खिलाफ 4.60 लाख वोट मिलने का जिक्र
अजय राय ने अपने पिछले राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी समेत केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने कहा कि वाराणसी में उन्हें 4.60 लाख वोट मिले और सात राउंड में वह मोदी से आगे भी रहे। अजय राय ने इसे केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे का संकेत बताया।
महंगाई-बेरोजगारी को बताया बड़ा मुद्दा
अजय राय ने कहा कि इस बार कांग्रेस का राजनीतिक समीकरण पहले से मजबूत है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने सरकार पर जबरन वसूली और चोरी जैसे आरोप भी लगाए। गोरखपुर में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वहां विकास के बड़े दावे कर स्पेन से तुलना की गई लेकिन लोगों के घरों में पानी भर रहा है।
मोना को शुभकामनाएं, बोले- मुझसे आगे ले जाएं कांग्रेस
नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को लेकर अजय राय ने कहा कि वह तीन बार विधायक रह चुकी हैं और उनके परिवार का भी राजनीतिक प्रभाव है। उन्होंने मोना को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह कांग्रेस को उनसे भी आगे ले जाएंगी। अजय राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का भरोसा टूटना नहीं चाहिए और उसे मजबूत करना पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा करने की अपील
अजय राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहना चाहिए। अगर किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय या अत्याचार होता है तो अध्यक्ष को मजबूती से उसके पक्ष में खड़ा होना चाहिए। उन्होंने मोना से भी कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा करने और उन्हें पूरा समर्थन देने की अपील की।
बोले- दोगुनी ताकत से काम करेंगे
अजय राय ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत से काम करें। उन्होंने कहा कि वह आगे भी पार्टी के लिए काम करते रहेंगे और सभी लोग मिलकर पहले से दोगुनी ताकत के साथ कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे।






