Uttarakhand

रसोई गैस महंगी होने पर भड़की यूथ कांग्रेस, देहरादून में फूंका सरकार का पुतला, आंदोलन की चेतावनी

देहरादून के प्रेम नगर चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने बिगाड़ दिया आम आदमी का बजट

देहरादून, 11 मार्च 2026:

रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को यूथ कांग्रेस ने देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रेम नगर चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए तत्काल राहत देने की मांग उठाई।

यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रेम नगर चौराहे पर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस के बढ़ते दामों और महंगाई को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है।

WhatsApp Image 2026-03-11 at 3.05.29 PM

यूथ कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज रसोई गैस सहित आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहस्थी चलाने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। यदि सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस और यूथ कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।

व्यापार मंडल के राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। यदि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होती है तो व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ेगा। राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजारों की रौनक कम हो रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।

यूथ कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनता की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, संजय शर्मा, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, कुलदीप नरूला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button