लखनऊ, 9 जून 2026:
ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर राजधानी पूरी तरह हनुमान भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। सुबह होते ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जय बजरंगबली और जय श्रीराम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। दर्शन-पूजन का सिलसिला भोर से रात तक चलता रहा।
भोर से ही शुरू हो गया दर्शन पूजन का सिलसिला
अलीगंज स्थित नए और पुराने हनुमान मंदिर में तड़के से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ भीड़ लगातार बढ़ती गई। मंदिरों में पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड का आयोजन चलता रहा। हनुमान सेतु मंदिर, हनुमत धाम, मौनी बाबा मंदिर, त्रिमूर्ति हनुमान मंदिर, बालाजी मंदिर समेत शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ दर्शन के लिए पहुंचे।
व्यापारियों ने दिखाया भंडारा आयोजन में उत्साह
बड़े मंगल के मौके पर इस बार शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़ी संख्या में भंडारों का आयोजन किया गया। प्रमुख सड़कों, चौराहों और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं ने शरबत, ठंडा पानी, पूड़ी-सब्जी, हलवा और प्रसाद का वितरण किया। भीषण गर्मी के बावजूद सेवा कार्यों में जुटे लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। आलमबाग सराफा एसोसिएशन ने भंडारे का आयोजन किया। यहां लखनऊ व्यापार मंडल के प्रधान वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने प्रसाद का वितरण किया। आयोजन में तमाम व्यापारियों ने भी हिस्सा लिया। वहीं राजाजीपुरम में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने भी भंडारे का आयोजन किया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

भजन-कीर्तन संग सुंदरकांड पाठ का आयोजन
इसी तरह हजरतगंज, चौक, गोमती नगर, आशियाना समेत कई इलाकों में सुबह से देर शाम तक भंडारे चलते रहे। कहीं युवाओं की टोली राहगीरों को ठंडा पानी पिलाती दिखी तो कहीं महिलाएं प्रसाद वितरण में जुटी रहीं। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कालू वीर बाबा मंदिर के निकट सोमनाथ द्वार चौराहे पर आयोजित भंडारा और सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने हारमोनियम थामी और श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन में भी भागीदारी की।
अलीगंज में बंटा गुड़-धनिया का प्रसाद
अलीगंज हनुमान मंदिर में बड़े मंगल से जुड़ी गुड़-धनिया वितरण की पुरानी परंपरा भी निभाई गई। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप गुड़ और धनिया वितरित किया गया। शहर के अन्य मंदिरों में भी प्रसाद वितरण का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। अधिकांश भंडारों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। कचरा निस्तारण की अलग व्यवस्था की गई थी और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्थाओं को संभालते नजर आए।






