Sports

आज होगा महिला टी20 विश्व कप का आगाज… खास होगा उद्घाटन, जानें मैच का पूरा डिटेल

उद्घाटन समारोह में 'विकेड' म्यूजिकल के कलाकार बिखेरेंगे जलवा, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच रात 11 बजे शुरू होगा पहला मैच, स्टार स्पोर्ट्स पर होगा प्रसारण

स्पोर्ट्स डेस्क, 12 जून 2026:

महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा मंच एक बार फिर सज चुका है। शुक्रवार से शुरू होने जा रहे महिला टी20 विश्व कप 2026 में दुनिया की 12 टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले दर्शकों को एक शानदार उद्घाटन समारोह देखने को मिलेगा।

आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट के उद्घाटन को यादगार बनाने की तैयारी की है। मैच शुरू होने से पहले आयोजित होने वाले समारोह में लोकप्रिय म्यूजिकल शो ‘विकेड’ के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। एम्मा किंग्स्टन और जीजी स्ट्रैलन इस प्रस्तुति का मुख्य आकर्षण होंगी। दोनों कलाकार एल्फाबा और ग्लिंडा के किरदार में मंच पर नजर आएंगी और अपने प्रदर्शन से उद्घाटन समारोह को खास बनाएंगी।

प्रशंसकों को खेल और मनोरंजन का बेहतरीन अनुभव देने के लिए आईसीसी ने उद्घाटन समारोह को विशेष रूप से तैयार कराया है। संयोग से यह आयोजन लंदन के वेस्ट एंड में लोकप्रिय म्यूजिकल ‘विकेड’ के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर के साथ भी मेल खाता है जिससे इसकी भव्यता और बढ़ गई है।

महिला टी20 विश्व कप का यह संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक है। पहली बार प्रतियोगिता में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पिछले संस्करण की तुलना में आयरलैंड और नीदरलैंड को भी मौका मिला है जिससे टूर्नामेंट और अधिक प्रतिस्पर्धी बन गया है।

टूर्नामेंट की 12 टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-1 में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड एवं ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें हैं।

दोनों समूहों की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगी जिसका क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है।

उद्घाटन समारोह की भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होने की संभावना है जो करीब 45 मिनट तक चलेगा। इसके बाद रात 11 बजे इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय दर्शक उद्घाटन समारोह और मैच दोनों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर देख सकेंगे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  विराट कोहली इतिहास रचने के करीब... सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड खतरे में

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link