Lucknow City

‘बाबू’, ‘लव यू जान’ से फीड नंबर, इंस्टा पर इमोशनल सॉन्ग… दोस्त को वॉयस मैसेज भेज की खुदकुशी

निगोहां क्षेत्र में ब्रह्मदासपुर गांव के पास बंदायू के युवक ने लगाई फांसी, किसी युवती से मिलने आया था लखनऊ, आत्महत्या से पहले करीबी दोस्त को वॉयस मैसेज भेजकर कहा कि अब कुछ अच्छा नहीं लग रहा, घरवालों को खबर दे देना। पुलिस को जेब से मिला सुसाइड नोट, प्रेम प्रसंग समेत कई पहलुओं पर जांच जारी

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ),13 जून 2026:

निगोहां के ब्रह्मदासपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। जांच के दौरान पुलिस को युवक के मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके आखिरी वॉयस मैसेज से संकेत मिले हैं कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के हरगनपुर गांव निवासी राजेश के 20 साल के बेटे अमन के रूप में हुई है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से उसका शव लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

ये भी पढ़ें:

जांच में सामने आया कि आत्मघाती कदम उठाने से कुछ समय पहले अमन ने अपने एक करीबी दोस्त को वॉयस रिकॉर्डिंग भेजी थी। रिकॉर्डिंग में उसने कहा था कि अब उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है और वह अपनी जान देने जा रहा है। साथ ही दोस्त से घरवालों को सूचना देने की बात भी कही थी। संदेश सुनने के बाद दोस्त ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस को अमन के मोबाइल की जांच के दौरान कुछ युवतियों के नंबर जान, बाबू और लव यू जान जैसे नामों से सेव मिले हैं। इसके अलावा मौत से पहले उसने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी। पोस्ट के साथ चिट्ठी न कोई संदेश… गीत भी लगाया गया था। पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है।

घटनास्थल पर पेड़ के नीचे एक बैग भी मिला, जिसमें कपड़े और एक डायरी रखी थी। बैग में मिले दस्तावेजों और मोबाइल के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। युवक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्यार में असफल होने और परेशान रहने का जिक्र बताया जा रहा है। ये भी पता चला कि अमन लखनऊ में किसी युवती से ही मिलने आया था। यहां मुलाकात में ऐसा क्या हुआ जो खुदकुशी करनी पड़ी, ये भी सवाल बना है।

मृतक के पिता राजेश ने पुलिस को बताया कि अमन हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम उनकी उससे फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान वह परेशान लग रहा था। उन्होंने उसे घर लौट आने की सलाह दी थी, लेकिन उसने आने से मना कर दिया था। अगले दिन उसकी मौत की सूचना मिली।

READ MORE

ये भी पढ़ें  पत्नी को लोकेशन भेजी, मोबाइल बंद किया और सरयू में लगा दी छलांग, बैंक मैनेजर की मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button