Uttarakhand

भाजपा नेता की हत्या के बाद बवाल… आरोपियों के घरों में लगाई आग, प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में सिंचाई के पानी के विवाद में हुआ था खूनी संघर्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेता की मौत के बाद हिंदू संगठनों के साथ क्षेत्रीय लोगों का प्रदर्शन, गांव में पुलिस बल तैनात, चार नामजद आरोपी गिरफ्तार

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 14 जून 2026ः

उत्तराखंड के देहरादून में सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। भाजपा नेता व भाजपा ओबीसी मोर्चा से जुड़े विनोद कश्यप की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। रविवार को हिंदू संगठनों के साथ ही क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों के घरों में आग लगा दी। वहीं, प्रशासन ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम खेतों की सिंचाई के पानी के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। भाजपा नेता पक्ष के लोगों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग हथौड़े, बेलचे और अन्य धारदार औजारों के साथ उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए विनोद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में अशोक, सुषमा और राजेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 3.22.18 PM

भाजपा ओबीसी मोर्चा से जुड़े विनोद की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाया। वहीं, आरोपियों के एक विशेष समुदाय से जुड़ा होने के कारण रविवार को हिंदू संगठनों समेत क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपियों के घरों में आगजनी की गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद बैरागीवाला गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

WhatsApp Image 2026-06-14 at 3.21.43 PM

पुलिस ने मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर कोतवाली सहसपुर में 12 नामजद और 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button