National

सड़क निर्माण में सीएम का फुल स्पीड पर फोकस… जून में मंजूरी, जुलाई में काम शुरू करने का टॉरगेट

गोरखपुर व आजमगढ़ मंडल की समीक्षा बैठक में योगी ने जनप्रतिनिधियों से मांगे प्रस्ताव, टेंडर खेल पर कड़ा रुख दिखाया, विधानसभावार प्रस्ताव लेकर तय हुई विकास की प्राथमिकताएं, 20 फीसदी से ज्यादा बिलो टेंडर डालने वाले ठेकेदारों पर सख्ती के निर्देश

न्यूज डेस्क, 14 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के एनेक्सी भवन में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल की सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सीएम का पूरा फोकस सड़कों के निर्माण पर रहा। उनके सकारात्मक रुख से विधायक व सांसद भी खुश दिखे। बैठक में सभी से विधानसभावार प्रस्ताव लिए गए।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें तय समय में पूरा कराया जाए। बरसात से पहले जिन कामों को पूरा किया जा सकता है, उन पर खास ध्यान दिया जाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों के आधार पर प्राथमिकता तय कर काम शुरू कराया जाए। जून के आखिर तक जरूरी मंजूरियां पूरी कर ली जाएं और उसके बाद निर्माण कार्य जमीन पर उतरने लगें। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना की शुरुआत से पहले संसाधनों की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि काम बीच में न अटके।

बैठक में टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि 20 फीसदी से ज्यादा बिलो टेंडर डालकर काम लेने वाले ठेकेदारों को चिह्नित किया जाए। ऐसे ठेकेदारों के कामों की समीक्षा की जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। टेंडर प्रक्रिया को लेकर गलत शिकायतें करने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बलिया-बांसडीह मार्ग के संबंध में मुख्यमंत्री ने मुख्य अभियंता से रिपोर्ट भी तलब की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कमिश्नर और जिलाधिकारी समय-समय पर बैठकों के जरिए परियोजनाओं की निगरानी करें। तकनीक के इस्तेमाल से ऑनलाइन मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए और मौके पर जाकर भी निरीक्षण किया जाए। सेतु निगम की परियोजनाओं में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने विशेष निर्देश दिए।

बैठक के दौरान देवरिया में बन रहे मोहन सेतु की प्रोग्रेस की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर काम में तेजी लाने को कहा। बैठक के बाद सांसद रवि किशन ने कहा कि आज का दिन विधायकों के लिए ऐतिहासिक रहा और सभी जनप्रतिनिधि संतुष्ट होकर बैठक से निकले।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल की सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेकर यह तय किया गया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में किन सड़कों को प्राथमिकता पर बनाया जाएगा।

नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने करीब 150 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख सड़कों समेत 35 छोटी सड़कों और पुलों के प्रस्ताव दिए हैं। वहीं चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने 139 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव रखा। सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विधानसभा क्षेत्रों की शेष बची सड़कों का पूरा खाका मांगा है, ताकि चरणबद्ध तरीके से निर्माण कराया जा सके।

बैठक में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, विजय दुबे, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दयाशंकर सिंह, विजयलक्ष्मी गौतम समेत गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के कई विधायक, विधान परिषद सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button