Sports

मंधाना का बल्ला गरजा, दीप्ति ने बिखेरी गिल्लियां, भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा

महिला टी20 विश्वकप 2026 में टीम इंडिया का विजयी आगाज, हरमनप्रीत बनीं भारत की सबसे सफल विश्व कप रन स्कोरर

स्पोर्ट्स डेस्क, 15 जून 2026:

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से करारी शिकस्त दी। इंग्लैंड के बर्मिंघम में रविवार को खेले गए ग्रुप-1 मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। स्मृति मंधाना की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

Ind vs Pak Mandhana & Deepti Shine in Victory (1)

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत तो मिली लेकिन शुरुआती झटके भी लगे। शेफाली वर्मा पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने के बावजूद छह रन बनाकर आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स भी केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 18 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी की।

मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 68 रन बनाए जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन की उपयोगी पारी खेली। अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने मात्र 17 गेंदों पर 34 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को 170 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दीप्ति शर्मा नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पाकिस्तान की ओर से केवल मुनीबा अली ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर मैच को एकतरफा बना दिया।

Ind vs Pak Mandhana & Deepti Shine in Victory (2)

दीप्ति शर्मा ने अपने टी20 करियर की यादगार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 10 रन देकर पांच विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए और शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।

यह मुकाबला भारतीय महिला क्रिकेट के लिए कई रिकॉर्ड भी लेकर आया। पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप में भारत का 170/6 का स्कोर अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की पारी के दौरान महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उनके नाम अब 762 रन हो गए हैं, जबकि पूर्व कप्तान मिताली राज 726 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत ने इस शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत के साथ खिताब की दावेदारी का भी दमदार संदेश दे दिया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button