सीतापुर, 17 जून 2026:
महाराष्ट्र पुलिस के हत्थे चढ़े कथित शादीबाज ठग अनुज त्रिवेदी का सीधा संबंध सीतापुर जिले से जुड़ा है। मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल गांव निवासी अनुज पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर शादी करने और करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि आरोपी 25 से अधिक महिलाओं को निशाना बना चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सीतापुर से लेकर लखनऊ और मुंबई तक फैले उसके नेटवर्क की चर्चा तेज हो गई है।
महाराष्ट्र पुलिस ने अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह चंद्रप्रकाश त्रिवेदी समेत कई फर्जी नामों का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस के मुताबिक उसने अलग-अलग पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क किया और शादी के बाद उनसे नकदी, जेवरात व संपत्ति हासिल की।
मामले की शुरुआत महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दर्ज एक शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने अखबार में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापन के जरिए उनकी बेटी से संपर्क किया था। दोनों की शादी के बाद आरोपी ने परिवार को नया मकान बनवाने का झांसा देकर लाखों रुपये लिए। बाद में महिला को दिल्ली लाकर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। इस मामले में करीब 97 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने इसी तरह 25 से ज्यादा महिलाओं को निशाना बनाया। इनमें तलाकशुदा, दिव्यांग, मानसिक रूप से कमजोर और अकेली रहने वाली महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस ने उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक अनुज करीब 27 वर्ष पहले रोजगार की तलाश में लखनऊ गया था, जहां उसने सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम शुरू किया। कुछ समय बाद उसने सिक्योरिटी एजेंसी और प्रॉपर्टी कारोबार में कदम रखा। इसके बाद उसका मुंबई आना-जाना बढ़ा और देखते ही देखते उसने बड़ी संपत्ति खड़ी कर ली।
सीतापुर के लोगों का कहना है कि आरोपी ने लखनऊ के छठा मील इलाके में आलीशान कोठी बनाई, नैमिषारण्य में मकान तैयार कराया और अपने गांव चंद्रावल में एक स्कूल भी शुरू किया। उसकी आर्थिक हैसियत बढ़ने के साथ राजनीतिक और प्रभावशाली लोगों से संपर्क भी बढ़ते गए।
गिरफ्तारी के बाद एक और चर्चा तब शुरू हुई जब सामने आया कि आरोपी का रिश्ता प्रदेश के एक बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उसके बेटे की शादी उस परिवार में हुई है। हालांकि पुलिस फिलहाल ठगी के मामले की जांच पर फोकस किए हुए है और आरोपी के बेटे की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
महाराष्ट्र पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ यह मामला सिर्फ शादी के नाम पर ठगी तक सीमित नहीं रह गया है। जांच एजेंसियां आरोपी की संपत्तियों, आर्थिक लेनदेन और उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।






