Uttarakhand

एमडीडीए का बुलडोजर एक्शन… 50 बीघा में हो रही अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने सहसपुर क्षेत्र के कल्याणपुर में की कार्रवाई, प्राधिकरण से नहीं ली गई थी स्वीकृति, उपाध्यक्ष बोले- अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 19 जून 2026ः

उत्तराखंड में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सहसपुर क्षेत्र के कल्याणपुर में लगभग 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि नया हाईवे, कल्याणपुर, सहसपुर क्षेत्र में भू-स्वामी जैद रफी द्वारा लगभग 50 बीघा भूमि पर बड़े स्तर पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। यहां प्लॉटों का चिह्नीकरण करने के साथ-साथ सीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया था, जबकि इसके लिए प्राधिकरण से किसी प्रकार की स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई थी।

प्राधिकरण की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने पर पाया गया कि संबंधित भूमि पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। प्लॉटों का सीमांकन किया जा चुका था और सीसी सड़क भी बनाई गई थी। यह पूरा कार्य विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना किया जा रहा था। एमडीडीए ने संबंधित भू-स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई की गई।

MDDA Bulldozer Action Illegal Housing Plotting Demolished (1)

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सुनियोजित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। कल्याणपुर में की गई कार्रवाई इसी दिशा में एक सख्त संदेश है कि नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। हमने सभी प्रवर्तन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए और जहां भी अवैध गतिविधियां दिखाई दें, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। देहरादून और आसपास के विकास क्षेत्रों में ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी बिना अनुमति निर्माण या प्लाटिंग पाए जाने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल जांच और कार्रवाई की जा रही है। कल्याणपुर में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button