न्यूज डेस्क, 19 जून 2026:
दुनिया के बड़े आर्थिक देशों के समूह जी-7 की बैठक में युद्ध, व्यापार और वैश्विक संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के बीच कुछ ऐसे पल भी सामने आए, जिन्होंने माहौल को हल्का कर दिया। सबसे ज्यादा चर्चा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की उस घोषणा की रही, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने सिगरेट पीना छोड़ दिया है।
कनाडा में हुए जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं की अनौपचारिक बातचीत माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गई। इसी दौरान यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कॉफी का जिक्र किया तो जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मुस्कुराते हुए पूछा कि क्या उसके साथ सिगरेट भी होगी। इस पर मेलोनी ने जवाब दिया कि उन्होंने 1 मई के बाद से धूम्रपान नहीं किया है।

जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने उनके फैसले की तारीफ की। उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी इसे अच्छी पहल बताया। वहीं फ्रेडरिक मर्ज ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या यह फैसला पिछली रात लिया गया था। इस पर मेलोनी ने हंसते हुए कहा कि उन्हें सिगरेट छोड़े एक महीने से ज्यादा हो गया है।
मेलोनी की यह आदत पहले भी चर्चा में रही है। पिछले साल गाजा शांति सम्मेलन के दौरान तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने उन्हें धूम्रपान छोड़ने की सलाह दी थी। तब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने मजाक में कहा था कि यह शायद नामुमकिन है। खुद मेलोनी ने भी हंसते हुए कहा था कि अगर उन्हें सिगरेट छोड़नी पड़ी तो वह किसी को मार बैठेंगी।

जी-7 सम्मेलन में सिर्फ सिगरेट ही चर्चा का विषय नहीं रही। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में चल रहे फीफा विश्व कप को लेकर भी नेताओं के बीच खूब बातें हुईं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और दूसरे नेताओं ने फुटबॉल पर चर्चा की, जबकि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 से ड्रॉ की तारीफ करते हुए इसे शानदार नतीजा बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा की बातचीत में ग्रीनलैंड का जिक्र भी रिकॉर्ड हो गया। ट्रंप ने संक्षेप में ग्रीनलैंड का नाम लेते हुए कोस्टा की ओर देखा, जिससे वहां मौजूद नेताओं के बीच हल्की मुस्कान देखने को मिली।
दोपहर के भोजन के बाद एक और दिलचस्प पल सामने आया। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि शायद इमैनुअल मैक्रों अपनी घड़ी वहीं भूल गए हैं। इस पर ट्रंप ने मजाक में कहा कि अगर वह वापस नहीं आए तो घड़ी उन्हें दे दी जाए। ट्रंप की इस टिप्पणी पर मौजूद नेता हंस पड़े।

बैठक के दौरान तोहफों के जरिए भी कूटनीति की झलक देखने को मिली। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने अगले साल फ्रेंच आल्प्स में होने वाली साइक्लिंग विश्व चैंपियनशिप के प्रचार के लिए अपने समकक्ष नेताओं को साइकिलें भेंट कीं। वहीं फ्रेडरिक मर्ज ने डोनाल्ड ट्रंप को जर्मन फुटबॉल टीम की जर्सी दी, जिस पर ट्रंप का नाम और 47 नंबर लिखा था। तस्वीर साझा करते हुए मर्ज ने लिखा कि आखिरकार हम एक ही टीम में हैं।






