Lucknow City

कोचिंग बिल्डिंग में धधकी आग : हाहाकार के बीच छात्रों ने जान बचाने को खिड़कियों से लगाई छलांग, कई फंसे

लखनऊ के अलीगंज में पुरनिया चौराहे के पास तीन मंजिला इमारत में भीषण अग्निकांड, 10-12 लोगों के फंसे होने की आशंका, दमकल टीमों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सीएम योगी ने दिए त्वरित राहत के निर्देश

लखनऊ, 22 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ की अलीगंज कॉलोनी में पुरनिया चौराहे के पास सोमवार दोपहर बाद एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों और पूरे भवन में फैले घने धुएं के बीच दूसरे फ्लोर पर संचालित ‘लर्निंग स्पेस’ लाइब्रेरी (कोचिंग) में पढ़ रहे छात्र व दूसरे तलों पर मौजूद लोग फंस गए। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी। एक युवक पहले फ्लोर से नीचे लगी ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले इमारत के निचले हिस्से में स्थित एक गोदाम में लगी जिसके बाद आग के साथ धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। देखते ही देखते निकास मार्ग धुआं से भर गया और दूसरी व तीसरी मंजिल पर मौजूद छात्र व कर्मचारी अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने भी बचाव में हाथ बंटाया और घायल युवक को तत्काल सड़क पार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
lucknow-aliganj-coaching-building-fire-accident-purania-rescue

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 से 12 गाड़ियां, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और करीब दर्जन भर एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने इमारत के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। शाम तक राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा और 10-12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जाती रही।

इमारत के तीसरे फ्लोर पर संचालित ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ में कार्यरत कर्मचारी आसिन ने बताया कि वह लंच के बाद काम चल रहा था तभी किसी ने आग लगने की सूचना देकर कार्यालय खाली करने को कहा। शुरुआत में मामूली आग समझी गई लेकिन कुछ ही पलों में धुआं पूरे फ्लोर पर फैल गया। उन्होंने बताया कि नीचे स्थित गोदाम में आग लगी थी और जान बचाने के लिए उन्हें ऊपर से तार पकड़कर नीचे उतरना पड़ा।
lucknow-aliganj-coaching-building-fire-accident-purania-rescue

हादसे में स्टूडियो की कर्मचारी लवप्रीत और जयंत गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। लवप्रीत के पिता प्रभजोत का फोन आने के बाद आलमबाग से अलीगंज पहुंचे और उसकी तलाश करते रहे।
lucknow-aliganj-coaching-building-fire-accident-purania-rescue

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम विशाख जी, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे। ब्रजेश पाठक ने बताया कि अधिकांश छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ के अंदर होने की सूचना पर हर कमरे की गहन तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल या उनके घर पहुंचाना है।
lucknow-aliganj-coaching-building-fire-accident-purania-rescue

उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस दर्दनाक घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार, राहत कार्यों की लगातार निगरानी और हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए सभी घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button