Lucknow City

यात्रीगण ध्यान दें : 7 से 11 जुलाई तक ट्रेनों पर ब्रेक, कई एक्सप्रेस रद्द तो कई अयोध्या होकर दौड़ेंगी

गोंडा में तीसरी रेललाइन शुरू करने के लिए प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम, लखनऊ समेत पूर्वांचल के हजारों यात्रियों को झेलनी पड़ेगी परेशानी

लखनऊ, 23 जून 2026:

पूर्वोत्तर रेलवे गोंडा में पांच किलोमीटर लंबी तीसरी रेललाइन को चालू करने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए अगले महीने प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के चलते 7 से 11 जुलाई के बीच गोंडा रेलखंड पर यातायात प्रभावित रहेगा। कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी तो दर्जनों ट्रेनों का संचालन बदले हुए मार्ग से अयोध्या होकर किया जाएगा।

6, 7 और 10 जुलाई को लखनऊ नहीं आएगी छपरा-मथुरा एक्सप्रेस

इससे लखनऊ, गोंडा, गोरखपुर, बलरामपुर और पूर्वांचल के हजारों यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांचनी होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक 6, 7 और 10 जुलाई को 15109 छपरा-मथुरा एक्सप्रेस लखनऊ नहीं आएगी।

अलग-अलग तिथियों में निरस्त रहेंगी ये ट्रेनें

इसके अलावा 22921 बांद्रा-बलरामपुर एक्सप्रेस (5 जुलाई), 22922 बलरामपुर-बांद्रा एक्सप्रेस (7 जुलाई), 15081 गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस (6 से 10 जुलाई), 15082 गोमतीनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस (7 से 11 जुलाई), 15133 छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस (6 जुलाई), 15134 आनंद विहार-छपरा एक्सप्रेस (8 जुलाई), 15031 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस एवं 15032 लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर एक्सप्रेस (8 व 9 जुलाई), 15070 ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस (7 से 10 जुलाई), 15069 गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस (8 से 11 जुलाई), 22199 ग्वालियर-बलरामपुर सुशासन एक्सप्रेस (8 जुलाई), 22200 बलरामपुर-ग्वालियर एक्सप्रेस (9 जुलाई), 15029 गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस (9 जुलाई) तथा 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस (11 जुलाई) निरस्त रहेंगी।

अयोध्या के रास्ते होगा लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन अयोध्या के रास्ते करने का निर्णय लिया है। इनमें गोमतीनगर-कामाख्या, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़, तिरुवनंतपुरम-गोरखपुर, ओखा-गोरखपुर, यशवंतपुर-गोरखपुर, साबरमती-थावे, मदार जंक्शन-दरभंगा अमृत भारत, एर्नाकुलम-बरौनी, गोरखपुर-पनवेल, गोरखपुर-बांद्रा, गोरखपुर-जम्मूतवी अमरनाथ, बिहार संपर्क क्रांति, गुवाहाटी-जम्मूतवी, वैशाली, गोरखधाम, कुशीनगर तथा शहीद एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी।

लखनऊ मंडल में भी इसका असर दिखाई देगा। 22199 ग्वालियर-बलरामपुर सुशासन एक्सप्रेस 1 जुलाई को लखनऊ में ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी और 2 जुलाई को लखनऊ से ही बलरामपुर के लिए रवाना होगी। वहीं 12598 मुंबई-गोरखपुर सुपरफास्ट 9 जुलाई को लखनऊ में निरस्त रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का समय, मार्ग और संचालन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें जिससे अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button