लखनऊ में सुबह से झमाझम बारिश, दिन में छाया अंधेरा, पूरे यूपी के लिए Rain Alert जारी
सुबह 8 बजे से लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया, तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी जारी, मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया, बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए मानसूनी सिस्टम का असर पूरे उत्तर प्रदेश में दिखने लगा
लखनऊ, 19 जुलाई 2026:
राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। सुबह करीब 8 बजे से लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। काले बादलों की वजह से दिन में ही अंधेरे जैसी स्थिति बन गई, जबकि सड़कों पर सामान्य दिनों के मुकाबले काफी कम आवाजाही दिखाई दी। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस से लोगों को राहत दी है।
24 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए 24 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार के लिए तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम झारखंड की तरफ बढ़ा है, जिससे मानसूनी हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर सक्रिय हो गई हैं। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश के आसार बने हुए हैं। रविवार को गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और मुरादाबाद समेत आसपास के कई जिलों में भारी बरसात हो सकती है
तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश की वजह से अगले कई दिनों तक दिन का तापमान 31 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना कम है।

कई इलाकों में सुबह से बरसात
जानकीपुरम विस्तार, कुर्सी रोड, सरोजनी नगर, पारा, महानगर, निलमथा और मलिहाबाद समेत शहर के कई हिस्सों में सुबह से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कहीं रिमझिम फुहारें पड़ीं तो कहीं तेज बूंदाबांदी हुई। काले बादलों की वजह से विजिबिलिटी भी कुछ इलाकों में कम रही और सुबह का मौसम शाम जैसा नजर आया।
मानसून अब भी सामान्य से पीछे
बारिश शुरू होने के बावजूद इस बार मानसून अब तक सामान्य से कमजोर बना हुआ है। 1 जून से अब तक लखनऊ में करीब 50 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों की बारिश से इस कमी में काफी हद तक सुधार हो सकता है।
दक्षिणी यूपी में Heavy Rain की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 जुलाई के बीच उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों में Heavy Rain हो सकती है। वहीं लखनऊ समेत मध्य और पूर्वी यूपी में भी लगातार बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।






