Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

राजभर का अखिलेश पर बड़ा हमला : ये पार्टी है या गैंग?, सांसद को बताया ‘लुटेरा’, वोट बैंक पर भी साधा निशाना

आजमगढ़ के सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर दलित महिला की जमीन कब्जाने का आरोप, एक्स पर लंबी पोस्ट में सपा मुखिया को घेरा, भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी और वोट बैंक की राजनीति को लेकर भी किए तीखे वार

लखनऊ, 21 जुलाई 2026:

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी लगातार दो पोस्ट में राजभर ने सपा की कार्यशैली, उसके नेताओं और कथित वोट बैंक की राजनीति को निशाने पर लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

राजभर ने अपनी पहली पोस्ट की शुरुआत ‘अखिलेश भैया, सुबह की राम-राम’ से की और सवाल दागा कि क्या सपा के नेताओं को गरीबों, पिछड़ों और दलितों को प्रताड़ित करने में मजा आता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सामने आने वाली कई घटनाओं की जांच में सपा से जुड़े लोगों का नाम सामने आता है। हत्या, हुड़दंग, चोरी और छिनैती जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि आखिर ऐसे लोगों को पार्टी में क्यों रखा गया है। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘ये पार्टी है या गैंग?’
op-rajbhar-attacks-akhilesh-yadav-sp-mp-daroga-saroj-land-grab-allegation (1)

राजभर ने आजमगढ़ के लालगंज से सपा सांसद दरोगा प्रसाद सरोज पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने सांसद को ‘लुटेरा’ बताते हुए आरोप लगाया कि मोहनपुर पटवास गांव की दलित महिला गीता सरोज की जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक सांसद के परिवार पर दबंगई, धमकी और जमीन कब्जाने जैसे आरोप हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब 50 बीघा जमीन और तालाब पर कब्जा कर फार्महाउस बनाया गया है। चारों ओर करंट वाला तार लगवाया गया है।

ये भी पढ़ें:

मंत्री राजभर ने इन आरोपों को लेकर अखिलेश यादव से कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे नेताओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो सपा मजबूत विपक्ष बनने का मौका भी खो देगी।
इसके बाद दूसरी पोस्ट में राजभर ने भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के कारण सपा प्रमुख ऐसे बयानों पर चुप्पी साधे हुए हैं। राजभर ने कहा कि यादव समाज सब कुछ देख रहा है और धार्मिक आस्था पर टिप्पणी करने वालों के प्रति नरमी उचित नहीं है।

उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र और धर्म के सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा दृढ़ता दिखानी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि महाराजा सुहेलदेव के सम्मान पर कोई आंच आई तो राजभर समाज उसका कड़ा जवाब देगा।

ये भी पढ़ें  Ayodhya : टिन्नू-मनीष से खुलेंगे राम मंदिर चढ़ावा चोरी के राज? 39 घंटे की रिमांड में पूछताछ शुरू

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button