Uttar Pradesh

UP के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘स्मार्ट क्लास’ : 16 हजार केंद्रों पर लगे स्मार्ट टीवी, खेल-खेल में सीख रहे बच्चे

आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल शिक्षा से बदल रहा पढ़ाई का तरीका, तकनीक से मजबूत हो रहे केंद्र, प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्था में आई क्रांति

लखनऊ, 8 मार्च 2026:

यूपी में आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार की पहल पर अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की पढ़ाई तकनीक के साथ जुड़ने लगी है। राज्य भर के 16 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा चुके हैं। इससे प्रारंभिक शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।

सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक प्ले-स्कूल जैसी सुविधाओं से लैस करना है। इससे छोटे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। स्मार्ट टीवी के जरिए बच्चों को अब कहानियां, पहेलियां, कार्टून और एनिमेशन के माध्यम से डिजिटल शैक्षणिक सामग्री दिखाई जा रही है। इससे पढ़ाई का पारंपरिक तरीका अधिक रोचक और प्रभावी बन गया है।

जानकारी के अनुसार हर स्मार्ट टीवी को लगाने पर करीब 25 हजार रुपये का खर्च किया जा रहा है। इस तकनीकी पहल के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में अक्षर ज्ञान, गिनती और रंगों की पहचान कराई जा रही है। इससे बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ रही है और उनकी भाषा व संप्रेषण क्षमता भी विकसित हो रही है।

ये भी पढ़ें:

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रारंभिक शिक्षा के इस नए डिजिटल मॉडल से बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास को मजबूत आधार मिल सकता है। डिजिटल माध्यमों के उपयोग से आंगनबाड़ी केंद्रों का वातावरण अधिक आकर्षक और जीवंत बन रहा है, जिससे बच्चों की उपस्थिति भी बढ़ रही है।

Advertisement

इसके साथ ही शिक्षिकाओं को भी बच्चों को पढ़ाने में नई सुविधा मिल रही है। ऑडियो-विजुअल माध्यम से बच्चों को विषय समझाना अधिक आसान और प्रभावी हो गया है। इससे सीखने की गुणवत्ता में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

प्रदेश सरकार का मानना है कि तकनीक के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है। योगी सरकार की यह पहल न केवल आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक बना रही है, बल्कि उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा भी तय कर रही है।

ये भी पढ़ें  बीएचयू के वैज्ञानिकों ने तैयार की 1300 किमी रेंज वाली बैट्री

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link