Sports

वैभव का तूफान, श्रेयस का सपना…Team India के पास आज जिम्बावे से सीरीज जीतने का मौका

पहला T20 जीतकर 1-0 की बढ़त बना चुकी है Team India, दूसरे मुकाबले में जीत मिलते ही तीन मैचों की सीरीज पर होगा कब्जा, कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर का इंतजार भी खत्म हो सकता है

स्पोर्ट्स डेस्क, 25 जुलाई 2026:

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार शाम हरारे में खेला जाएगा। Team India पहले मुकाबले में सात विकेट से जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त बना चुकी है। अब अगर भारतीय टीम दूसरा मैच भी जीत लेती है तो सीरीज उसके नाम हो जाएगी। इस मुकाबले के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी एक खास मौका जुड़ा है। कप्तान बनने के बाद वह अब तक कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीत पाए हैं और आज उनके पास यह इंतजार खत्म करने का मौका है।

पहले मैच ने बढ़ाया आत्मविश्वास

पहले T20 में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 125 रन पर रोक दिया था। इसके बाद टीम ने सिर्फ 13.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर मिली निराशा के बाद यह जीत भारतीय टीम के लिए राहत लेकर आई। खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है और टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी।

ये भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी फिर होंगे सबसे बड़ी उम्मीद

पहले मुकाबले के सबसे बड़े स्टार 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया था। दूसरे मुकाबले में भी फैंस की नजरें वैभव पर रहेंगी कि क्या वह एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिला पाते हैं।

मुजाराबानी से फिर होगी कड़ी टक्कर

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी पहले मैच में नई गेंद से काफी खतरनाक दिखे थे। अतिरिक्त उछाल का फायदा उठाते हुए उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया और अभिषेक शर्मा का विकेट भी लिया। हालांकि बाद में वैभव सूर्यवंशी ने उन्हीं पर लगातार बड़े शॉट लगाकर दबाव पलट दिया। दूसरे मैच में इन दोनों खिलाड़ियों की भिड़ंत फिर मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू हो सकती है।

जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं लेना चाहेगा भारत

पहले मैच में हार के बावजूद जिम्बाब्वे ने संघर्ष जरूर किया था। शुरुआती चार विकेट जल्दी गंवाने के बाद टीम 125 रन तक पहुंची, जिसमें वेस्ली मधेवेरे और तडिवानाशे मारुमानी की पारियों ने अहम भूमिका निभाई। हरारे की पिच बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं मानी जाती, इसलिए भारतीय टीम किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहेगी।

सीरीज जीतने का सुनहरा मौका

अगर Team India आज का मुकाबला जीत लेती है तो तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगी। इसके साथ ही श्रेयस अय्यर के नाम कप्तान के तौर पर पहली सीरीज जीत भी दर्ज हो जाएगी। ऐसे में हरारे का यह मुकाबला सिर्फ सीरीज का दूसरा मैच नहीं, बल्कि श्रेयस की कप्तानी के लिए भी अब तक का सबसे अहम इम्तिहान माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें  MI vs SRH : 243 का पहाड़ भी छोटा पड़ा, हैदराबाद का धुआंधार चेज, मुंबई पॉइंट्स टेबल में फिसली

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button