
देहरादून, 31 जुलाई 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए कुल 676 करोड़ रुपये की वित्तीय व प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस रकम से Solar Lights, पेयजल, बिजली आपूर्ति, शहरी निकायों, जिला पंचायतों के विकास कार्यों के साथ जनहित से जुड़ी घोषणाओं को जमीन पर उतारने का काम किया जाएगा।
अल्मोड़ा में सोलर लाइट, चमियाला में LED सिस्टम
अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए 200 Solar Lights लगाई जाएंगी। इसके लिए 35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। नगर पंचायत चमियाला में Central Control Monitoring System (CCMS) के साथ LED Street Lights लगाने के लिए 3.07 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
देहरादून में कई प्रमुख सड़कों पर LED Street Lights
देहरादून नगर निगम के कई प्रमुख इलाकों में LED Street Lights और Central Control Monitoring System लगाने के लिए 1.95 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें घंटाघर से बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक, प्रिंस चौक से सहारनपुर चौक, बल्लुपुर चौक, सूचना अधिकार भवन से पुलिया नंबर 06 और रिंग रोड के तपोवन चौक से लाडपुर चर्च तक के इलाके शामिल हैं।
पिथौरागढ़ में पोल और CCMS Panel के लिए 1.99 करोड़
पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र में LED Street Light Poles और CCMS Panel लगाने के लिए 1.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा देहरादून नगर निगम में LED Street Lights और CCMS Panel की स्थापना के लिए 3.93 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
नैनीताल की पेयजल योजना को 2.13 करोड़, कुमाऊं में मजबूत होगी विद्युत व्यवस्था
नैनीताल जिले की नैनीताल शाखा के तहत कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए 2.13 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस रकम से योजना से जुड़े जरूरी काम आगे बढ़ाए जाएंगे। कुमाऊं मंडल में पांच योजनाओं के तहत 33/11 केवी सब-स्टेशन, उनसे जुड़ी 33 केवी लाइन और 11 केवी फीडर बनाने के लिए स्वीकृत 5 करोड़ रुपये में से 2 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी मिली है। इससे बिजली आपूर्ति से जुड़े Infrastructure को मजबूत करने का काम होगा।
UJVNL की तीन परियोजनाओं के लिए 23.10 करोड़
भारत सरकार की ओर से UJVNL की तीन परियोजनाओं के लिए स्वीकृत 35 करोड़ रुपये में से पहली किस्त के तौर पर 23.10 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही यूपीसीएल के तहत केदारनाथ धाम Master Plan से जुड़े बिजली ढांचे के निर्माण के लिए 212.10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
केदारनाथ धाम में बनेगा नया बिजली ढांचा
केदारनाथ धाम Master Plan के तहत प्रस्तावित 33/11 केवी उपस्थान के साथ 33 केवी और 11 केवी लाइन के निर्माण पर 212.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के जरिए धाम क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी है।
अगस्तमुनि PG College में बनेगा Science Faculty भवन
उच्च शिक्षा विभाग के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्तमुनि में Science Faculty के PG भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 19 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है।
जिला पंचायतों को 82.21 करोड़ की दूसरी किस्त
छठवें राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के इंतजार के बीच पंचम राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर सभी जिला पंचायतों को दूसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है।
शहरी निकायों को 325.03 करोड़ रुपये
प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को दूसरी तिमाही की किस्त के रूप में 325.03 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। इस रकम का इस्तेमाल स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।






