Gorakhpur

छेड़खानी के विरोध पर 9 साल के बच्चे से लिया बदला, लाठियों से पीटकर हत्या, SO लाइन हाजिर

एक महीने पहले बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद दोनों पक्षों में चल रहा था विवाद, चौथी क्लास का छात्र मौसेरे भाई के साथ दुकान जा रहा था तभी रास्ते में हमला हुआ, घायल दूसरे बच्चे का इलाज जारी

गोरखपुर, 2 अगस्त 2026:

गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में चौथी क्लास के 9 वर्षीय छात्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। करीब एक महीने पहले बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। इसी रंजिश में मासूम को निशाना बनाया गया। मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है।

दुकान जाते समय रास्ते में घेरकर हमला

घटना पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर बेला गांव की है। राजू सिंह के मुताबिक उनका साढ़ू का बेटा सरस सिंह (9) मां की मौत के बाद उनके घर रहकर एमडी पब्लिक स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ाई करता था। शनिवार रात करीब सवा आठ बजे सरस अपने मौसेरे भाई शिवकुमार के साथ पान की दुकान पर जा रहा था। घर से करीब 500 मीटर दूर पहले से घात लगाए बैठे 8 से 9 लड़कों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया और ईंट-पत्थर भी फेंके। सिर पर गंभीर चोट लगने से सरस मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि शिवकुमार भी घायल हो गया।

ये भी पढ़ें:

परिवार पहुंचा तो उन पर भी किया पथराव

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों बच्चों को पहले सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सरस सिंह की मौत हो गई। वहीं शिवकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

परिवार का आरोप, पहले कार्रवाई होती तो नहीं जाती जान

मृतक के मौसा राजू सिंह का कहना है कि करीब एक महीने पहले उन्होंने बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे दोनों पक्षों में तनाव बना रहा। परिवार का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो सरस की जान बच सकती थी।

एसओ पर गिरी गाज, नया थाना प्रभारी तैनात

घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे। मामले में लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी रहे अनुप सिंह को पिपराइच थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना में घायल बच्चे की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें  गोरखपुर : दो घंटे की बारिश में शहर डूबा, बिजली गिरने से दो युवकों की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button