Uttarakhand

SIR: सुनवाई में आए वोटर दस्तावेजों का समय से हो सत्यापन, नोडल अधिकारी नियुक्त

उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, विभागों के निदेशक व वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई प्रमाण पत्रों व अभिलेखों के सत्यापन की जिम्मेदारी, 11 प्रकार के दस्तावेज मान्य

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 3 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर निर्वाचन विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर दस्तावेजों के समय से सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों के निदेशक व वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। इनको मतदाताओं द्वारा सुनवाई के दौरान प्रस्तुत किए जा रहे प्रमाण पत्रों और अभिलेखों के सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों में शामिल शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का सत्यापन निर्धारित समय सीमा में किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर तैनात नोडल अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। ऐसे में नोटिस की सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का शीघ्र सत्यापन कर मामलों का समाधान किया जाए। बैठक में दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। मैट्रिकुलेशन व शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के निदेशकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

वहीं स्थायी निवास, जाति प्रमाण पत्र और भवन आवंटन से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन की जिम्मेदारी राजस्व परिषद को दी गई है। जन्म प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए शहरी विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परिवार रजिस्टर और भवन आवंटन संबंधी अभिलेखों के लिए पंचायतीराज विभाग व ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े मामलों के लिए आईटीडीए को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  38वें राष्ट्रीय खेल : उत्तराखंड बैडमिंटन फाइनल में, आज कई रोमांचक मुकाबले

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button