
लखनऊ, 7 अगस्त 2026:
लखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी के मंडल दिवस पर आयोजित मंडल चेतना जन आंदोलन में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बैलेट पेपर से इलेक्शन कराने की मांग उठाई। उन्होंने बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ, EVM हटाओ का नारा बुलंद कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
मंडल आयोग लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मंडल आयोग की सभी सिफारिशें आज तक पूरी तरह लागू नहीं हुई हैं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मंडल आयोग पूरी तरह लागू नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह को याद करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की दिशा में उनके योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने केंद्र सरकार से वीपी सिंह को भारत रत्न देने की मांग भी की।
महापुरुषों के संघर्ष को किया याद
चंद्रशेखर ने कहा कि आज की संवैधानिक व्यवस्था अनेक महापुरुषों के लंबे संघर्ष का नतीजा है। उन्होंने रामविलास पासवान, कांशीराम समेत सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले नेताओं को याद करते हुए कहा कि देश में बराबरी वाला समाज बनाने की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि महापुरुषों के संघर्ष का कर्ज चुकाने और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में मजबूत भागीदारी दिलाने के लिए आयोजित किया गया है।
समर्थकों के उत्साह पर जताई खुशी
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आंदोलन का फैसला कुछ दिन पहले लिया गया था। शुरुआत में इसे दिल्ली में करने की योजना थी, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए लखनऊ को चुना गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग अपने सीमित संसाधनों के बावजूद दूर-दराज जिलों से यहां पहुंचे हैं। यही जोश भविष्य के बदलाव की ताकत बनेगा।

जाति आधारित जनगणना और राजनीतिक आरक्षण की मांग
आंदोलन के दौरान पार्टी ने सरकार के सामने कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मंडल आयोग की बची हुई सभी सिफारिशों को लागू करना, ओबीसी की जाति आधारित जनगणना कराना, पिछड़े वर्गों को राजनीतिक आरक्षण देना, सामाजिक न्याय के सिद्धांत के मुताबिक समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना शामिल है।
पूर्व IAS ने आरक्षण लागू करने की उठाई बात
पूर्व आईएएस अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा ने कहा कि पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन उसका पूरा लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि आरक्षण के नियमों का पूरी तरह पालन होना चाहिए ताकि वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिल सके।
बसपा के पूर्व विधायक ने थामा आजाद समाज पार्टी का दामन
कार्यक्रम के दौरान बसपा छोड़ चुके पूर्व विधायक बाल गोविंद राजवंशी ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंच से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक समेत अलग-अलग जिलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।






