
लखनऊ, 9 अगस्त 2026:
काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस पर रविवार को यूपी की राजधानी लखनऊ देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीदास मार्ग स्थित सरकारी आवास से ‘हर घर तिरंगा तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया। हाथों में तिरंगा लेकर सीएम योगी के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी पैदल चले।

यात्रा में सीएम योगी के एक ओर ब्रजेश पाठक और दूसरी ओर केशव प्रसाद मौर्य व पंकज चौधरी नजर आए। मुख्यमंत्री ने यात्रा शुरू होने से पहले पंकज चौधरी और बच्चों समेत कई लोगों के साथ सेल्फी भी ली। देशभक्ति के गीतों, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
करीब 30 मिनट में दो किलोमीटर का सफर तय कर तिरंगा यात्रा विधानभवन तक पहुंची। खास आकर्षण स्कूली बच्चों का जत्था रहा जो 101 फीट लंबा तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुआ। युवाओं, महिलाओं, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों और समाजसेवी संस्थाओं की भी बड़ी भागीदारी रही।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ता था। कोर्ट तक जाना पड़ा। पीएम नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को अपने घर पर तिरंगा फहराने की आजादी दी। उन्होंने कहा कि अब यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि कोई भारत में रहे और देश के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान या राष्ट्रगीत का अपमान करे।

सीएम योगी ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं और पूरे देश में इसका गान हो रहा है। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि उस दौर के युवाओं ने अंग्रेजी हुकूमत की जड़ों को हिला दिया था। आज का युवा भी प्रतिभा और ऊर्जा का प्रतीक है। जरूरत है कि उसे सही मंच मिले और वह देश-समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान के साथ सादगी और विकास का प्रतीक है। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और देश की विरासत के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मालूम हो कि 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत प्रदेश के सभी मंडलों में 10, 11 और 12 अगस्त को तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर यात्राएं होंगी। 14 अगस्त को विभाजन-विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस और संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।






